
नई दिल्लीः पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। युद्ध की आशंका के बीच भारतीय वायुसेना भारत-पाक सीमा के दक्षिणी भाग पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले का अभ्यास करेगी। ये हवाई एयर एक्सरसाइज बुधवार और गुरुवार को होगा।
बुधवार रात को 9:30 बजे शुरू होगा युद्धाभ्यास
जानकारी के अनुसार, भारत ने भारत-पाकिस्तान सीमा के दक्षिणी भाग पर 7 और 8 मई को होने वाले बड़े पैमाने के हवाई अभ्यास के लिए एयरमेन को नोटिस (NOTAM) जारी किया है। यह अभ्यास भारत की नियमित परिचालन तत्परता अभ्यास का हिस्सा है, जिसमें भारतीय वायु सेना (IAF) राजस्थान में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर युद्धाभ्यास करेगी। NOTAM के अनुसार, यह अभ्यास 7 मई को रात 9:30 बजे शुरू होगा और 8 मई को सुबह 3:00 बजे तक जारी रहेगा। इससे प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी जहाज और ड्रोन के उड़ने पर पाबंदी रहेगी।
राफेल, सुखोई और मिराज जैसे कई लड़ाकू विमान करेंगे युद्धाभ्यास
भारतीय वायुसेना अधिकारी के एक अधिकारी ने कहा कि एयरफोर्स 7 मई से भारत-पाकिस्तान सीमा पर रेगिस्तानी क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में युद्धाभ्यास करेगी जिसमें राफेल, मिराज 2000 और सुखोई-30 सहित सभी अग्रणी फाइटर जेट शामिल होंगे। युद्धाभ्यास का समय और स्थान महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस क्षेत्र में हाल ही में सीमा पार की घटनाओं के बाद तनाव बढ़ गया है।



