उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

कुशासन को समाप्त कर सुशासन लाना हमारी सरकार का संकल्प, सीएम योगी कर रहे बेहतरीन कामः रक्षा मंत्री

लखनऊ: भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर लोकभवन में सुशासन दिवस समारोह आयोजित किया गया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल जी ने भारत को ऐसा सुशासन दिया, जिसने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया. उनकी सरकार के दौरान विकास दर 8.4 प्रतिशत तक पहुंची, जो आजाद भारत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी. उनकी गवर्नेंस की दुनिया भर में प्रशंसा होती थी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया. रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने लोकभवन में पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की. मुख्यमंत्री ने महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती व क्रिसमस की बधाई दी.

अच्छा शासन वही है, जहां हर आवश्यकताएं पूरी होंः रक्षा मंत्री ने कहा कि एक अच्छा शासन वही है, जहां हर व्यक्ति की आवश्यकताएं पूरी हों, वह खुद को सुरक्षित महसूस करे और उसके पास अपनी बात कहने का अवसर हो. यही अटल जी का विजन था, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं. रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी दूरदर्शिता ने भारत को सड़क, टेलीकॉम और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई दिशा दी. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अंत्योदय योजना जैसे अभियानों ने भारत के गांवों और गरीबों के जीवन को बदल दिया. अटल जी ने न केवल शहरों को सड़कों से जोड़ा, बल्कि गांवों को भी पक्की और बेहतर सड़कों से जोड़ा. टेलीकॉम सेक्टर में क्रांति लाकर उन्होंने मोबाइल को हर हाथ तक पहुंचाने का सपना साकार किया.

अटलजी और मोदी पर भ्रष्टाचार का नहीं लगा आरोपः रक्षा मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने 1,500 से अधिक अनावश्यक कानूनों को समाप्त कर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में भारत को 50वें स्थान तक पहुंचाया है. जल्द ही भारत शीर्ष 20 देशों में शामिल होगा. अब गरीबों को उनके हक का पैसा सीधे उनके खातों में मिलता है. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि 100 पैसा भेजने पर केवल 14 पैसा लाभार्थियों तक पहुंचता है, लेकिन मोदी सरकार ने इस भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया है. उन्होंने कहा कि अटल जी और मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, यही सुशासन है.

रक्षा मंत्री ने की सीएम योगी की तारीफः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन की तारीफ की. कहा कि योगी सरकार ने यूपी को भयमुक्त समाज बनाया है. गरीबों को मकान देने में यूपी देश में पहले स्थान पर है. चार करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के मकान मिले हैं, जिनमें 70% मकानों की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम पर है. प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है. चार करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं.

सुशासन के लिए सुरक्षा का भाव आवश्यक ः वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुशासन के लिए सुरक्षा का भाव आवश्यक है. यह जनसहभागिता के बिना संभव नहीं है. सुरक्षा का भाव घर के अंदर से पैदा करना होगा. अगर व्यक्ति घर के अंदर सुरक्षित है तो सामुदायिक रूप से सुरक्षा का भाव पैदा होता हुआ दिखाई देगा. अपराध-अपराधियों, भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों के लिए सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है. अटल जी व पीएम मोदी से प्रेरणा प्राप्त करते हुए सरकार ने सुरक्षा के मुद्दे पर पहले दिन से जीरो टॉलरेंस की जो नीति रखी है, इसके परिणाम सबके सामने हैं.

सुशासन की नींव को दी मजबूतीः सीएम योगी ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई ने अपने शासनकाल में सुशासन की नींव को मजबूती दी. अटल जी की पंक्तियां ‘आदमी को चाहिए कि वह जूझे, परिस्थितियों से लड़े, एक स्वप्न टूटे तो दूसरा गढ़े’, ‘एक पांव धरती पर रखकर ही वामन भगवान ने आकाश-पाताल को जीता था, धऱती ही धारण करती है, कोई उस पर भार न बने, मिथ्या-अभिमान से न तने.’ यह पंक्तियां हमें प्रेरणा प्रदान करती है. भावी भारत के विकास व विकसित भारत के निर्माण के लिए जो नींव अटल जी ने रखी थी, पीएम मोदी के नेतृत्व में उस पर नए भारत का निर्माण हो रहा है. यह 2047 में विकसित भारत के रूप में 140 करोड़ की आकांक्षाओं की पूर्ति का भारत बनेगा.

अच्छे आलेख को संकलित कर लाइब्रेरी में कराया जाए उपलब्धः सीएम योगी ने कहा कि आज की तिथि अत्यंत महत्वपूर्ण है. आज से ही दिन बड़े होने लगेंगे. यानी ऊर्जा के लिए भगवान सूर्य के दर्शन अधिक समय तक होंगे. पीएम मोदी की प्रेरणा से पूरे देश में अटल जी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया. यह अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष है, इसलिए सुशासन सप्ताह के अवसर पर हर जनपद में बच्चों के लिए सुशासन पर आधारित (काव्य पाठ, निबंध व भाषण) प्रतियोगिताएं हुईं. सचिवालय प्रशासन व उच्च शिक्षा विभाग प्रदेश भर में सुशासन से संबंधित स्मारिका व पत्रिका का प्रकाशन व संकलन करे. राज्य स्तर पर अच्छे आलेख को संकलित कर विभिन्न लाइब्रेरी में उपलब्ध कराया जाए.

लोकशिकायतों के निस्तारण में टॉप पर यूपीः सीएम योगी ने कहा कि सुशासन सप्ताह के आयोजन में शासन के विभिन्न विभागों ने हिस्सेदारी की. इस दौरान लोकशिकायतों के निस्तारण में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष पर रहा. 2.59 लाख से अधिक लोकशिकायतों का निस्तारण किया गया. मुख्यालय, मंडल व तहसील स्तर पर भी 16,223 कार्यशालाओं का आयोजन किया गया. नौ लाख छह हजार 800 से अधिक सर्विस डिलीवरी के आवेदन निस्तारित किए गए. इस दौरान ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मिशन कर्मयोगी, सुशासन में एआई व मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, सूचना के अधिकार का महत्व, नागरिकों को समयबद्ध रूप से सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के लिए जनहित गारंटी की योजना से संबंधित उपयोगिता, शासकीय खरीद-फरोख्त में जेम पोर्टल, मानव संपदा पोर्टल पर आधारित कार्यक्रमों से भी लोगों को अवगत कराया गया.

विजेताओं को किया सम्मानितः रक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री ने सुशासन सप्ताह (19 से 25 दिसंबर) के अंतर्गत हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया. काव्य पाठ प्रतियोगिता में स्नेहा तिवारी प्रथम, शांभवी शुक्ला ने द्वितीय व विदुषी मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. भाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान मो. फिरोज, दूसरा स्थान मृणाली दीक्षित व तृतीय स्थान माही वाजपेयी ने हासिल किया. निबंध प्रतियोगिता (कक्षा 9-12) में सुप्रिया दीक्षित ने बाजी मारी. हर्षिता सिंह व साक्षी पांडेय द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं. सचिवालय प्रशासन विभाग की तरफ से स्वच्छ सचिवालय अभियान के अंतर्गत उत्तम अनुभाग को पुरस्कृत किया गया. यह पुरस्कार सिंचाई व जल संसाधन विभाग के अनुभाग अधिकारी अंबरीष कुमार यादव को प्रदान किया गया. उत्तम व स्वच्छ भवन के लिए लोकभवन के व्यवस्था अधिकारी मोहित अग्रवाल को सम्मानित किया गया. शिकायत व सर्विस डिलीवरी आवेदनों के शत-प्रतिशत गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए कृषि विभाग के प्रमुख सचिव रविंद्र व विशेष सचिव सूचना-प्रौद्योगिकी व इलेक्ट्रॉनिक विभाग नेहा जैन को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button