आजम खान के ठिकानों पर आईटी का छापा, बहन निकहत अफलाक के घर भी पहुंची IT

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम का छापा चल रहा है। बुधवार सुबह आयकर विभाग के अफसरों ने अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेज खंगालने के लिए आईटी की टीम रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर, लखनऊ में छापा मारा है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के कुल 21 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। हालांकि, अभी तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
वहीं राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में स्थित आजम खान की बहन के घर भी बुधवार सुबह आईटी की टीम पहुंची। हालांकि घर पर ताला लगे होने की वजह से आयकर विभाग की टीम को वापस जाना पड़ा। इसके अलावा आजम खान से जुड़े लोगों के ठिकानों पर भी आयकर विभाग की छापेमारी जारी है। ऐसे में आजम खान के ठिकानों पर बड़ी संख्या में पुलिसबल समेत आरएएफ और पीएसी भी तैनात किया गया है।



