
पश्चिम बंगाल के कोलकाता से बड़ी खबर सामने आ रही है। कोलकाता के सियालदह इलाके में उत्तर प्रदेश के 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ये कार्रवाई कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल यानी STF ने की है। पुलिस ने बताया है कि STF ने सियालदह इलाके से उत्तर प्रदेश के जिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया है उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने मंगलवार को इस पूरे मामले के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, एक गुप्त सूचना के आधार पर कोलकाता पुलिस के एसटीएफ ने सोमवार को सियालदह इलाके के मुचिपारा थाना क्षेत्र में सुरेंद्रनाथ महिला कॉलेज के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अपराध को अंजाम देने आए थे आरोपी
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी शहर में किसी अपराध को अंजाम देने के लिए आये थे। पुलिस द्वारा इस मामले का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों के पास से दो बंदूकें और 15 गोलियां बरामद की गईं है।
‘सैफ’ मामले में बंगाल पहुंची मुंबई पुलिस
दूसरी ओर अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के मामले में जांच के लिए मुंबई की एक पुलिस टीम पश्चिम बंगाल में आई है। मुंबई पुलिस ने राज्य के नदिया जिले में एक महिला से पूछताछ की है। दरअसल, सैफ पर हमले के आरोप में गिरफ्तार शरीफुल फाकिर ने जो सिम कार्ड इस्तेमाल किया था वह उस महिला के नाम पर रजिस्टर्ड था। हालांकि, महिला ने आरोपी को पहचानने से इनकार कर दिया है और दावा किया है कि उसका मोबाइल कई साल पहले कोलकाता में खो गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि घटना के संबंध में महिला की कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। (इनपुट: भाषा)



