
मुंबई में मेट्रो का अंडर कंस्ट्रक्शन साईट का स्लैब का हिस्सा गिरा, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई है और चार लोग घायल हैं। ये बड़ा हादसा मुलुंड इलाके में जॉनसन गार्डन इलाके के पास हुआ है। जानकारी के मुताबिक मेट्रो पिलर का हिस्सा ऑटो रिक्शा सहित कई गाड़ियों के ऊपर गिर गया। कहा जा रहा है कि जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास कई गाड़ियां खड़ी थीं, मेट्रो का पिलर उन्हीं गाड़ियों पर गिरा है। मृतक की शिनाख्त हो गई है। हादसे के सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थ्ल पर पहुंची और राहत और बचाव के काम में लगी हुई है।
स्थानीय भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने बताया कि यह एमएमआरडीए की लापरवाही है। एमएमआरडीए के कमिश्नर संजय मुखर्जी ने हादसे के जांच के आदेश दिए हैं और थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग भी भाजपा।विधायक मिहिर कोटेचा ने किया है। उपासनी अस्पताल के ऑपरेटर अजय से मिली जानकारी के अनुसार, 4 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 1 की मृत्यु हो गई है।
मृतक और घायलों के नाम-
1) रामधन यादव, पुरुष, मृत अवस्था में लाया गया।
2) राजकुमार इंद्रजीत यादव, पुरुष/45 वर्ष, आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर।
3) महेंद्र प्रताप यादव, पुरुष/52 वर्ष, भर्ती, हालत स्थिर।
4) दीपा रुहिया, महिला/40 वर्ष, भर्ती, हालत स्थिर।
गाड़ियों के ऊपर गिर पड़ा मेट्रो पिलर का हिस्सा
यह घटना शनिवार की दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट की है। बीएमसी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान सीमेंट से बना मेट्रो पिलर का हिस्सा टूटकर नीचे सड़क पर चल रही एक ऑटो रिक्शा पर गिर गया। हादसे में ऑटो में सवार तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक एक निजी कार भी इस दुर्घटना की चपेट में आ गई है। घटना के तुरंत बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड कर्मचारी और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके को घेरकर ट्रैफिक डायवर्ट किया और मौके से मलबा हटाने का काम शुरू किया। फिलहाल, पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। यह भी चेक किया जा रहा है कि जिस जगह मेट्रो के पिलर का निर्माण कार्य चल रहा था, वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



