ऑपरेशन प्रहार के तहत शराब माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, सात गिरफ्तार

गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को थाना श्रीरामपुर पुलिस और विशेष टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इन अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और सात मोटरसाइकिल बरामद की गईं, जिनमें से चार का नंबर प्लेट कुटरचित पाया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरेराम चौराहे के पास कुछ लोग अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना श्रीरामपुर पुलिस और विशेष टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवरिया और बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासियों के रूप में हुई। इनमें अजय कुमार जायसवाल, अशोक गुप्ता, रामाजी, शैलेन्द्र कुमार सिंह, अनीश कुमार, विवेक कुमार और रमेश गुप्ता शामिल हैं। इनके पास से 30 बोतल रॉयल स्टेग, 17 बोतल रॉयल स्टेग, 238 पाउच 8 पीएम और 38 पाउच ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके अलावा सात दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए, जिनमें से चार वाहनों के नंबर प्लेट फर्जी पाए गए।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी शिवप्रताप सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर अंशुमन श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। इस अभियान में थाना श्रीरामपुर के प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, उपनिरीक्षक बलराम सिंह, उपनिरीक्षक अंकित सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सदगुरु मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल करमचंद, कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल पवन पाल, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल रामसागर गुप्ता, कांस्टेबल बृजभान यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने इस सफल अभियान के लिए पूरी टीम की सराहना की और जनपद में अवैध शराब के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अवैध शराब के कारोबार की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को इस काले धंधे से मुक्त किया जा सके।



