देशबड़ी खबर

कुछ लोग इतनी नकारात्मकता से भरे हैं क‍ि वे देश में कुछ भी अच्छा होता देखना नहीं चाहते: मोदी

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों पर एक तरह से निशाना साधते हुए बुधवार को कहा क‍ि देश में कुछ लोग इतनी नकारात्मकता से भरे हैं क‍ि वे कुछ भी अच्‍छा होता देखना ही नहीं चाहते और जो लोग कदम कदम पर हर चीज वोट के तराजू से तौलते हैं वे कभी देश के भविष्य को ध्‍यान में रखकर योजना नहीं बना पाते।

साथ ही उन्‍होंने कहा कि भारत सरकार, राज्‍य के विकास से देश के विकास के मंत्र पर विश्वास करती है और राजस्थान जितना विकसित होगा, भारत के विकास को उतनी ही गति मिलेगी। प्रधानमंत्री राजसमंद के नाथद्वारा में विभिन्न योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मोदी ने राजस्‍थान में लगभग 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘हमारे देश में कुछ लोग ऐसी विकृत विचारधारा के शिकार हो चुके हैं, इतनी नकारात्मकता से भरे हुए हैं क‍ि देश में कुछ भी अच्‍छा होता हुआ वे देखना ही नहीं चाहते और उन्‍हें सिर्फ विवाद खड़ा करना ही अच्‍छा लगता है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘आपने कुछ सुना होगा, जैसे कुछ लोग उपदेश देते हैं क‍ि आटा पहले या डाटा पहले, सड़क पहले या सैटेलाइट पहले… । लेक‍िन इतिहास गवाह है क‍ि स्थाई विकास के लिए, तेज विकास के लिए मूल व्‍यवस्‍थाओं के साथ ही आधुनिक अवसंरचना बनाना भी जरूरी होता है।’’

गौरतलब है कि मोदी के संबोधन के समय मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत भी मंच पर मौजूद थे। गहलोत ने अपने संबोधन में डूंगरपुर-रतलाम वाया बांसवाड़ा रेल लाइन, करौली-सरमथुरा रेल लाइन, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने सहित राज्‍य की अनेक लंबित परियोजनाओं की ओर मोदी का ध्यान खींचा था। गहलोत ने मोदी से ‘स्वास्थ्य के अधिकार’ और ‘सामाजिक सुरक्षा का अधिकार’ पर कानून बनाने की भी मांग की और यह भी कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का भी सम्मान होना चाहिए क्‍योंकि वहां लड़ाई विचारधारा की होती है न कि व्यक्तिगत।

मोदी ने अपने संबोधन में कहा क‍ि जो लोग कदम कदम पर हर चीज वोट के तराजू से तोलते हैं वे कभी देश के भविष्‍य को ध्‍यान में रखकर योजना नहीं बना पाते। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘हमारे देश में इसी सोच की वजह से अवसंरचना के निर्माण को प्राथमिकता नहीं दी गई। इसका बहुत नुकसान देश ने उठाया है। अगर पहले ही पर्याप्‍त संख्‍या में मेड‍िकल कॉलेज बन गए होते तो देश में डॉक्‍टरों की इतनी कमी नहीं होती।’’

उन्‍होंने कहा, ‘‘नकारात्मकता से भरे हुए लोगों में न दूरदृष्टि होती है और न ही वे राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर देख पाते हैं। दूरदृष्टि के साथ अवसंरचना न बनाने का नुकसान राजस्थान ने भी खूब उठाया है। इस मरुभूमि में कनेक्टिविटी के अभाव में आना-जाना कितना मुश्किल होता था… यह आप भलिभांति जानते हैं। इस कारण यहां खेती किसानी, व्यापार, कारोबार सब कुछ मुश्किल था।’ मोदी ने कहा कि भारत सरकार आज गांवों तक सड़क पहुंचाने के साथ ही, शहरों को भी आधुनिक राजमार्गों से जोड़ने में जुटी है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में जिस गति से राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हो रहा था, अब उससे दोगुनी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा, ‘‘आज देश में हर तरह की अवसंरचना पर अभूतपूर्व निवेश हो रहा है, अभूतपूर्व गति से काम चल रहा है…रेलवे हो, राजमार्ग हो या हवाईअड्डा हो, हर क्षेत्र में भारत सरकार हजारों करोड़ रुपये निवेश कर रही है। इस साल के बजट में भी भारत सरकार ने 10 लाख करोड़ रुपये निवेश करना तय किया है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरों और गांवों में कनेक्टिविटी बढ़ाता है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, समाज में सुविधाएं बढ़ाता है और समाज को जोड़ता है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सुविधाओं को बढ़ाता है और लोगों का जीवन आसान बनाता है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विरासत को बढ़ावा देने के साथ ही विकास को भी गति देता है।’’ उन्‍होंने कहा, ‘‘भारत सरकार राज्य के विकास से, देश के विकास के मंत्र पर विश्वास करती है। राजस्थान, देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक है, राजस्थान भारत के शौर्य, भारत की धरोहर, भारत की संस्कृति का वाहक है। राजस्थान जितना विकसित होगा, भारत के विकास को उतनी ही गति मिलेगी।’’

मोदी ने कहा, ‘‘भारत सरकार सेवा भाव को ही भक्ति भाव मानकर दिन-रात काम कर रही है। जनता-जनार्दन के जीवन को आसान बनाना हमारी सरकार के सुशासन की प्राथमिकता है। हर नागरिक के जीवन में सुख, सुविधा और सुरक्षा का कैसे विस्तार हो, इसके लिए निरंतर काम चल रहा है।’’ कार्यक्रम में राज्‍यपाल कलराज मिश्र, मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी सहित अनेक अतिथि मौजूद थे। इस अवसर पर मोदी ने मंच से ही बटन दबाकर राजसमंद और उदयपुर में दो लेन में उन्नयन के लिए सड़क निर्माण परियोजनाओं और उदयपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी।

उन्‍होंने राजसमंद में नाथद्वारा से नाथद्वारा शहर तक आमान परिवर्तन परियोजना और एक नई लाइन स्थापित करने के लिए आधारशिला भी रखी जबकि तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। उल्‍लेखनीय है कि राजस्‍थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले उदयपुर से नाथद्वारा पहुंचे मोदी ने विख्यात नाथद्वारा मंदिर में भगवान श्रीनाथजी के दर्शन किए और पूजा अर्चना की। मोदी ने अपने संबोधन में इसका जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मैंने श्रीनाथ जी से आजादी के इस अमृत काल में विकसित भारत की सिद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा है।’’

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button