बड़ी खबरविदेश

बांग्लादेश में बड़े सियासी बदलाव की आहट! सरकार से इस कद्दावर नेता ने दिया इस्तीफा

ढाका: बांग्लादेश की सियासत में एक बड़े बदलाव की आहट सुनाई देने लगी है। मंगलवार को खबर आई कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सूचना सलाहकार और छात्र आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक नाहिद इस्लाम ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देने के बाद नाहिद ने यह भी कहा कि सरकार में बने रहने की बजाय सड़क पर उनका रोल ज्यादा जरूरी है। नाहिद ने जुलाई में हुए विद्रोह में शामिल कार्यकर्ताओं द्वारा एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने से पहले यह कदम उठाया है।

‘एक नई सियासी ताकत का उभरना जरूरी है’

नाहिद इस्लाम ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार चला रहे मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद कहा, ‘देश में मौजूदा हालात को देखते हुए एक नई सियासी ताकत का उभार बहुत जरूरी है। मैंने जनांदोलन को मजबूत करने के लिए सड़कों पर बने रहने के लिए सलाहकार परिषद से इस्तीफा दे दिया है।’ शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार को उखाड़ फेंकने वाले जुलाई विद्रोह में बेहद अहम रोल अदा करने वाले नाहिद ने कहा कि सरकार में बने रहने की तुलना में सड़क पर उनकी भूमिका ज्यादा जरूरी लग रही है।

2 अहम विभाग संभाल रहे थे नाहिद इस्लाम

नाहिद ने कहा कि वह लोकतांत्रिक परिवर्तन के लिए लोगों की हसरतों को पूरा करने के लिए काम करना चाहते हैं और इसलिए उन्होंने सलाहकार के पद से इस्तीफा दे दिया है। वह प्रभावी रूप से सूचना एवं प्रसारण तथा डाक एवं दूरसंचार के दो विभागों वाले मंत्री थे। पिछले साल 5 अगस्त को छात्र आंदोलन ने बड़े पैमाने पर विद्रोह का नेतृत्व किया था, जिसने लंबे समय से प्रधानमंत्री रही शेख हसीना की सरकार को गिरा दिया था। 3 दिन बाद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाल ली थी। नाहिद इस्लाम आंदोलन के 3 प्रतिनिधियों में से एक थे, जिन्हें सलाहकार परिषद में शामिल किया गया था। (भाषा)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button