उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

‘निवेशकों को सिर्फ निशाना बना रहे योगी’, बोले अखिलेश यादव- अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी (सपा) पर अपने कार्यकाल के दौरान अंसल एपीआई जैसे बिल्डरों का पक्ष लेने का आरोप लगाने के एक दिन बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा सरकार पर निवेशकों को निशाना बनाकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने निवेश को लेकर सरकार के रुख पर सवाल उठाया और कहा कि जो नेता अब आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने पहले भी उन्हीं स्थानों पर परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अपनी नाकामी छिपाने के लिए जब लोग किसी और का नाम लेते हैं तो भूल जाते हैं कि उसी के नाम से बनी सिटी में स्थित मॉल और अस्पताल का उन्होंने ही उद्घाटन किया था। उसी विशाल परिसर में बने एक नये होटल में जी20 के मेहमान आपने ही ठहराए थे। यह वही जगह है जहाँ अरबों रुपए का सच्चा इन्वेस्टमेंट आया।”

अखिलेश यादव ने 1.12 मिनट का एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें आदित्यनाथ अंसल के गोल्फ सिटी में लुलु मॉल का उद्घाटन कर रहे थे। जी20 गोल्फ सिटी के एक होटल में आयोजित किया गया था और कैंसर अस्पताल भी वहीं स्थित है। उन्होंने कहा, “निवेशकों पर आरोप लगाकर हतोत्साहित करने से न तो निवेश का विकास होगा, न ही प्रदेश का। उप्र के सभी समझदार लोग कह रहे हैं कि अगर सब गलत था तो आप वहाँ अपना बुलडोजर लेकर जाते। आप कैंची लेकर उद्घाटन करने क्यों पहुँच गये?” सत्तारूढ़ पार्टी पर कटाक्ष करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता से आदित्यनाथ की संभावित बेदखली की चर्चा उनमें हताशा पैदा कर रही है।

उन्होंने कहा, “जनता कह रही है कि जब उसे ढूंढने पाताल लोक जाएं तो परतों में दबी उस गहरी वजह की भी खोज-ख़बर लेते आएं जो उनकी गद्दी को हिला रही है। उनके सत्ता से बेदख़ल होने की जो चर्चाएं हर तरफ़ हैं, यह उसी की खीझ है। विस्थापन का डर ही उनके मुँह से ऊंची आवाज़ बनकर निकल रहा है। सफलता व्यक्ति को शांत, शालीन और शिष्ट बनाती है और विफलता वहीं…. जो दिख रहा है।”

यादव अपने संबोधनों में आरोप लगाते थे कि केंद्र और उप्र सरकारों के बीच मतभेद हैं। राज्य विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान आदित्यनाथ ने घर खरीदने वालों को आश्वस्त किया और कहा कि किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि वे आम आदमी और गरीबों से पैसा लेकर भाग सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा था, “हमारी सरकार ऐसे लोगों को पाताल की गहराई से भी खोज निकालेगी।” उन्होंने कहा कि ऐसे हर मामले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

आदित्यनाथ ने कहा था, “हमने आज इसका एक उदाहरण देखा और मैंने इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। अंसल आपकी (सपा की) बनाई हुई कंपनी है। आपकी सरकार के दौरान ही इसकी सभी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया और निवेशकों और घर खरीदने वालों को धोखा दिया गया।” आदित्यनाथ ने कहा था, “यह सब समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हुआ। आपने बिल्डर की सीमा बढ़ा दी, जबकि हमने उसे कम कर शिकंजा कस दिया। अगर घर खरीदने वाले एक भी व्यक्ति को धोखा दिया गया तो हम सभी संपत्तियां जब्त कर लेंगे और न्याय सुनिश्चित करेंगे।” आदित्यनाथ के संबोधन के बाद मंगलवार शाम को अंसल के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button