पंजाब में बाढ़ से 43 लोगों की मौत: मृतकों के परिवार को मिलेगी नौकरी, हुआ ऐलान

पंजाब में बाढ़ से अब तक 43 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य के 23 जिलों के 1902 से अधिक गांव जलमग्न हैं। इससे 3.84 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के कुलपति और राज्यसभा सदस्य अशोक कुमार मित्तल ने बाढ़ पीड़ितों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार के एक-एक सदस्य को एलपीयू या उनकी शाखा संस्थानों में नौकरी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रभावित गांवों में एक-एक गजटेड अफसर नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। ये अधिकारी बाढ़ग्रस्त लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेंगे। प्रभावित लोग अपनी समस्याएं इन अधिकारियों से साझा कर सकेंगे।
स्वास्थ्य कारणों से मुख्यमंत्री मान बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा नहीं कर पाए। आप के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा ने अरविंद केजरीवाल को स्थिति से अवगत कराया।
अब तक 20,972 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। 4.24 लाख एकड़ फसल पानी में डूब चुकी है। राहत कार्यों में एनडीआरएफ की 31 और सैन्य तथा अर्धसैनिक बल की 29 टुकड़ियां लगी हुई हैं। पंजाब सरकार ने केंद्र से 2 हजार करोड़ के राहत पैकेज और बकाया 60 हजार करोड़ रुपये जारी करने की मांग की है।



