पड़रौना में चार दिवसीय विराट किसान मेला संपन्न, किसानों को आधुनिक खेती की दी गई जानकारी

पड़रौना, कुशीनगर।
कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत ब्लॉक संसाधन केंद्र, पड़रौना में आयोजित चार दिवसीय विराट किसान मेला का समापन हुआ। मेले के चौथे एवं अंतिम दिन सांसद कुशीनगर विजय कुमार दूबे एवं विधायक रामकोला विनय प्रकाश गौड़ ने औपचारिक रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों एवं एफपीओ द्वारा लगाए गए कृषि प्रदर्शनों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में जादूगर राजेश श्रीवास्तव द्वारा कृषि योजनाओं की जानकारी रोचक शैली में प्रस्तुत की गई, जिसे किसानों ने काफी सराहा।
गन्ना अनुसंधान संस्थान सेवरही के वैज्ञानिक विनय कुमार मिश्र ने बसंतकालीन गन्ने की खेती पर प्रकाश डाला, जबकि कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के वैज्ञानिक शमशेर सिंह ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा कद्दू वर्गीय सब्जियों की उन्नत खेती की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने धरती बचाओ अभियान के तहत संतुलित उर्वरक एवं कीटनाशकों के प्रयोग पर जोर देते हुए किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की।
जिला कृषि अधिकारी मेनका ने बताया कि बसंतकालीन गन्ने के साथ उर्द एवं मूंग की सहफसली खेती के लिए बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके लिए टोकन 31 जनवरी 2026 तक जारी किए जाएंगे। विधायक रामकोला ने किसानों को प्रदेश सरकार की फसल बीमा योजना, बीज एवं कृषि यंत्रों पर अनुदान की जानकारी दी। वहीं सांसद कुशीनगर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन कर रहे हैं।
मेले के दौरान प्रगतिशील किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर तिरपाल वितरित की गई। स्टाल प्रतियोगिता में दुदही फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को प्रथम, कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया को द्वितीय तथा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड छठियाँव को तृतीय पुरस्कार मिला। साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, भूमि संरक्षण विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, एफपीओ प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मंच संचालन वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि रक्षा) लकी तिवारी ने किया।



