ऑपरेशन तलाश: 9 स्टंटबाजों की दबंगई पर देवरिया पुलिस का शिकंजा

देवरिया: इंटरनेट मीडिया पर दबंगई और स्टंटबाजी दिखाकर दहशत फैलाने वाले रफ्तार गैंग से प्रेरित 09 अराजक तत्वों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। थाना महुआडीह क्षेत्र में सक्रिय इस गैंग के सदस्य लगातार सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और फिल्मी अंदाज में दबंगई की रीलें बनाकर पोस्ट कर रहे थे, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो रहा था। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देश पर ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में महुआडीह पुलिस ने इन आरोपियों को दबोच लिया।
रफ्तार गैंग के सदस्य वेब सीरीज और फिल्मों से प्रेरित होकर सड़क पर खतरनाक स्टंट करते थे और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर इलाके में अपनी दबंगई का सिक्का जमाने की कोशिश कर रहे थे। फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और व्हाट्सएप पर यह गैंग अपने वीडियो पोस्ट कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
महुआडीह पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों में नुरशेद काजी, समीर, फरीदखाँ, अफरीदी काजी, मोहम्मद उमर, कार्तिक यादव, राजन सिंह, प्रीतम सिंह और आदित्य सिंह शामिल हैं। ये सभी महुआडीह और आसपास के रहने वाले हैं और लगातार कानून की धज्जियां उड़ा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।



