अन्य
किसानों को डेयरी क्षेत्र से जोड़ने के लिए किए जा रहे विशेष प्रयास : डिप्टी डायरेक्टर

जालंधर, 29 अक्तूबर : डिप्टी डायरेक्टर डेयरी कपलमीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और डेयरी क्षेत्र को और अधिक विकसित करने के लिए लगातार गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा डेयरी क्षेत्र से जुड़े किसानों को नवीनतम तकनीकों संबंधी समय-समय पर जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।
डिप्टी डायरेक्टर डेयरी ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण, पशु पालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां तथा डायरेक्टर, डेयरी विकास विभाग वरयाम सिंह गिल के नेतृत्व में डेयरी किसानों को आवश्यक मशीनरी, दुधारू पशुओं, विभाग के मानकों के अनुसार बनाए गए आधुनिक कैटल शेड, चारे की कटाई के लिए सिंगल रो फोडडर हार्वेस्टर तथा दूध दुहने वाली मशीनों पर सब्सिडी उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने फोडडर हार्वेस्टर मशीनें लगाई हुई हैं या विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार आधुनिक कैटल शेड बनाए हुए है, वह इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जल्द से जल्द कार्यालय डिप्टी डायरेक्टर डेयरी, लाडोवाली रोड, आर.डी.डी.एल. कॉम्प्लेक्स, जालंधर में संपर्क करें। उन्होंने जिले के सभी डेयरी किसानों से पंजाब सरकार द्वारा डेयरी क्षेत्र को और अधिक लाभदायक बनाने के लिए दी जा रही योजनाओं और सब्सिडी का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए विभाग से संपर्क करने की अपील की।



