बिना सांचे के भी बनेगा शानदार गुजिया, बस ट्राई करके देखें ये तरीका

होली का त्योहार गुजिया के बिना अधूरा सा लगता है। रंगों के इस त्योहार के मौके पर लगभग हर घर में गुजिया बनाई जाती है। गुजिया बनाना काफी मेहनत का काम है। ऐसे में ज्यादातर घरों में इसे बनाने के लिए सांचे का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं उन लोगों को काफी दिक्कत आ सकती है जिनके पास सांचा नहीं। लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम बिना सांचे के गुजिया बनाने के तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं।
1. लोई तैयार करना
सबसे पहले मैदा की एक छोटी लोई लें और उसे पूरी के आकार में बेल लें। ध्यान रहे कि किनारे बहुत ज्यादा मोटे न हों,ताकि वे अच्छे से मुड़ सकें।
2. स्टफिंग भरना
पूरी के बीच में एक चम्मच तैयार मावा का मिश्रण रखें। किनारों पर उंगली से थोड़ा सा पानी या दूध लगाएं। इससे गुजिया तलते समय खुलेगी नहीं।
3. सील करने का तरीका
कांटे वाला डिज़ाइन
यह सबसे सरल और आधुनिक तरीका है। पूरी को आधा मोड़कर गुजिया का आकार दें और किनारों को उंगलियों से दबाकर चिपका दें। अब एक कांटा लें और उसके नुकीले हिस्से से किनारों पर हल्के हाथ से दबाव डालें। इससे किनारों पर एक बहुत ही सुंदर लाइनिंग वाला डिज़ाइन बन जाएगा और गुजिया अच्छे से लॉक हो जाएगी।
हाथ से करें सील
किनारों को चिपकाने के बाद, एक कोने से मैदे को थोड़ा सा चुटकी में पकड़कर अंदर की तरफ मोड़ें। अगले हिस्से को भी उसी तरह दबाकर पहले वाले मोड़ के ऊपर लाएं। इसी तरह पूरी गुजिया के किनारे को ‘रस्सी’ की तरह गूंथते जाएं।



