देश

अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण देश के लिए शुभ संकेत : पुष्कर धामी

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को यहां तीन दिवसीय अयोध्या पर्व का उद्घाटन करते हुए कहा कि भव्य राम मंदिर का निर्माण देश के लिए एक शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम एवं उनके विचारों को अपनाकर प्रत्येक मनुष्य किसी भी प्रकार की सफलता को प्राप्त कर सकता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान राम की कृपा ही है जो जुलाई 2021 में उन्हें मुख्य सेवक के तौर पर कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। राम के आशीर्वाद से प्रदेश की जनता ने जनादेश तथा आशीर्वाद देकर प्रदेश में इतिहास बनाया तथा पांच साल में सरकार बदले जाने का मिथक भी तोड़ा। यह मिथक उत्तराखंड ही नहीं उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में भी बदला है।

गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा आयोजित अयोध्या पर्व-2022 कार्यक्रम में प्रतिभाग को अपना सौभाग्य बताते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव और पूर्णिमा के कारण आज का दिन विशेष है। उन्होंने कहा कि यहां आकर वह अपने को अयोध्या की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार जब वह अयोध्या गये थे तो राम लला को टेंट में देखकर अत्यंत दुखी हो गये थे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जब मंदिर का कार्य प्रारंभ हुआ और उसके बाद राम लला के दर्शन का सौभाग्य उन्हें जब विगत वर्ष में मिला तो उस दृश्य को देखकर वह अत्यंत भावविभोर हो गये थे।

उन्होंने कहा कि 2013 में आई आपदा से केदारनाथ मंदिर का प्रांगण पूरी तरह तबाह हो गया था, परंतु आज केदारनाथ मंदिर का भव्य निर्माण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। 5 नवंबर 2021 को नरेन्द्र मोदी द्वारा केदारनाथ में विकास कार्य के लिए 400 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इस वर्ष की चार धाम यात्रा कई मायनों में विशेष है इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। उनके स्वागत के लिए उत्तराखंड पूर्ण रूप से तैयार है और इस मंच से मैं आप सभी को इस यात्रा हेतु आमंत्रित करता हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। ऑल वेदर रोड के साथ ही अन्य मुख्य मार्गों के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यकरण के कार्य किये गए हैं जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान कोई परेशानी ना हो। दिल्ली से देहरादून के बीच हो रहे एलिवेटेड रोड निर्माण से इन दो शहरों की दूरी घटकर महज दो घंटे रह जाएगी। हमारी सरकार में सड़कों के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पूज्य महंत कमलनयन दास, रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष रामबहादुर राय, वरिष्ठ पत्रकार जवाहर लाल कौल, सांसद लल्लू सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री सतीश शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button