देश

‘राजस्थान में इतिहास रचा जाएगा, फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी, पायलट ने जताया भरोसा

जयपुर। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में इतिहास रचा जाएगा और यहां कांग्रेस की सत्ता में वापसी होगी। साथ ही उन्होंने मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केन्द्र और राज्य दोनों जगह अपनी भूमिका निभाने में विफल रही है। पायलट ब्यावर जिले के विजयनगर में किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

राज्य में बारी-बारी से कांग्रेस और भाजपा की सरकार बनने की दशकों पुरानी परिपाटी का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा, ‘‘पिछले पच्चीस—तीस साल से राज्य में पांच-पांच साल (की सत्ता) का क्रम चला आ रहा है। पांच साल कांग्रेस की सरकार बनती है, पांच साल भाजपा की बनती है। मुझे ऐसा अहसास हो रहा है कि इस बार 2023 में इतिहास रचा जाएगा और पुन: कांग्रेस पार्टी की सरकार यहां बनेगी।’’

पायलट ने कहा, ‘‘वह (कांग्रेस की सरकार) इसलिए बनेगी क्योंकि हम लोगों ने अपने-अपने इलाकों में काम किया है।’’ राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना व मध्य प्रदेश में इस साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि इनके परिणामों का 2024 के लोकसभा चुनाव पर गहरा असर होगा। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आज भी हमारी हर योजना, हर नीति, हर कार्यक्रम और बजट में हमारी सबसे पहली चिंता होती है कि नौजवानों की मदद कैसे हो सकती है, किसान भाइयों की मदद कैसे कर सकते हैं।’’

भाजपा पर केन्द्र और राज्य में अपनी भूमिका निभाने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए पायलट ने कहा, ‘‘केन्द्र में ऐसी पार्टी की सरकार है जो केन्द्रीय सत्ता में असफल हो गई है। वह राजस्थान में विपक्ष की भूमिका में असफल हो गई है। राजस्थान में भाजपा का जो हाल है वह आपके सामने है।

लोकतंत्र में सरकार के साथ-साथ विपक्ष की बड़ी भूमिका होती है। राज्य में भाजपा ने सदन में तथा सदन के बाहर अपनी भूमिका नहीं निभायी है।’’ केन्द्र की राजग सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने कहा, ‘‘इसके नौ साल के शासनकाल में हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। इस सरकार ने वोट लेने के बाद हर वर्ग को सिर्फ पीड़ा और परेशानी दी है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘देश में अमीर व गरीब की खाई बढ़ती जा रही है। जरूरी सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं। लेकिन महंगाई को काबू करने के लिए केन्द्र सरकार ने झूठे मुँह तक नहीं कहा कि हां कोशिश करेंगे, हम दाम कम करने की कोशिश करेंगे।’’ बिना किसी संदर्भ के पायलट ने यह भी कहा, ‘‘जीवन में जो रात गई, सो बात गई। जो समय निकल गया वो वापस आने वाला नहीं है। लेकिन भविष्य में क्या होगा ये कोई जानता नहीं है इसलिए मजबूती से हम साथ रहें और आने वाले समय आप लोगों का होगा, पार्टी का होगा, किसानों का होगा।’’

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button