देश

Jharkhand Election: राजनाथ सिंह का विपक्ष पर हमला- झामुमो नीत गठबंधन है फुस्स पटाखा, भाजपा है शक्तिशाली रॉकेट

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन को दीपावली के ‘‘फुस्स पटाखे’’ करार देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक शक्तिशाली रॉकेट है जो झारखंड को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी। राजनाथ सिंह ने रांची के हटिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक रहे मंडल मुर्मू के झामुमो के ‘‘डूबते जहाज’’ को छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में कौन सरकार बनाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली का त्योहार अभी-अभी संपन्न हुआ है। झामुमो, कांग्रेस और राजद अब दीपावली के फुस्स पटाखे हैं। भाजपा एक शक्तिशाली रॉकेट है जो अकेले ही झारखंड को नयी ऊंचाइयों पर ले जाएगी।’’ राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए सिंह ने कहा कि ‘जेएमएम’ (झामुमो) का मतलब ‘‘जमकर मलाई मारो’’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो ‘‘आदिवासियों का खून चूसता है’’ और उनके हितों के खिलाफ काम करता है।

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘मैं (मुख्यमंत्री) हेमंत सोरेन से पूछता हूं कि घुसपैठिए झारखंड में क्यों आ रहे हैं? राज्य की आदिवासी आबादी घटकर 28 फीसदी क्यों रह गई?’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम घुसपैठ पर नियंत्रण लगाएंगे और घुसपैठियों द्वारा हड़पी गई जमीन वापस दिलाएंगे।’’ रक्षा मंत्री ने कहा कि झारखंड की दुर्दशा के पीछे झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन है। सिंह ने कहा, ‘‘झारखंड में अब तक 13 मुख्यमंत्री शासन कर चुके हैं। इनमें से कई जेल गए, सिवाय भाजपा के उन मुख्यमंत्रियों के जिनके खिलाफ कभी भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने नहीं आया, चाहे वे अर्जुन मुंडा हों, रघुबर दास हों या बाबूलाल मरांडी।’’

सिंह ने कहा कि झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन अपना साम्राज्य बनाने में विश्वास करता है, जबकि भाजपा सभी के विकास के लिए काम करती है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस, राजद, झामुमो वंशवादी राजनीति में विश्वास करते हैं, जबकि भाजपा हर तीन साल में अपना प्रमुख बदल देती है।’’ उन्होंने लोगों से वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील करते हुए कहा, ‘‘भाजपा को दो कार्यकाल दीजिए, झारखंड विकसित राज्यों की कतार में होगा।’’

उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास में तीन अवरोधक हैं कांग्रेस, झामुमो और राजद। सिंह ने कहा कि भाजपा आदिवासियों का सम्मान करती है और बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी और आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने 62,000 आदिवासी गांवों के विकास के लिए एक विशेष योजना शुरू की। स्वतंत्र भारत के इतिहास में ऐसा कदम कभी नहीं उठाया गया।’’ सिंह ने दावा किया कि 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था अमेरिका और चीन के बाद तीसरे स्थान पर होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा संसद में ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विधेयक पारित कराना सुनिश्चित करेगी। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button