देश

‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं प्रियंका गांधी, भाजपा पर लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप, कहा- BJP खो चुकी है जनता का विश्वास

सुपौल/मधुबनी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं और आरोप लगाया कि जनता का विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में ‘वोट चोरी’ की साजिशें रच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने दिया जाएगा। केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी सुपौल से ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं।

प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं के साथ एक खुली एसयूवी में सवार थीं। कई स्थानों पर लोग यात्रा का स्वागत करने के लिए कतारबद्ध खड़े थे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन किया।

2608

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है। बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, आर्थिक संकट समेत हर मोर्चे पर नाकाम भाजपा-जद (यू) सरकार जनता का वोट चुरा कर सत्ता में बने रहना चाहती है। लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संविधान ने हर एक भारतीय को वोट का अधिकार दिया है। यह अधिकार कोई भी ताकत छीन नहीं सकती। गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। जय संविधान।’’

‘वोटर अधिकार यात्रा’ एक दिन के विराम के बाद मंगलवार को यात्रा फिर से शुरू हुई। यात्रा का आज 10वां दिन है। बीते रविवार को अररिया में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं और परिणाम फलदायी होंगे।

गांधी ने कहा, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन जल्द एक साझा घोषणापत्र जारी करेगा। विपक्षी गठबंधन के सभी घटक एकजुट होकर काम कर रहे हैं… हम वैचारिक और राजनीतिक रूप से एकजुट हैं… एक-दूसरे का परस्पर सम्मान करते हैं तथा नतीजे फलदायी होंगे।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘मैं इसे ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटकों के बीच एक अच्छी साझेदारी कहता हूं।’’

केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गांधी ने आरोप लगाया था कि राज्य में मतदाता सूचियों का जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) ‘‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद के लिए वोट चुराने का निर्वाचन आयोग का एक संस्थागत प्रयास’’ है।

गांधी ने बिहार में निर्वाचन आयोग के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक दलों द्वारा समर्थित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू की है। सासाराम से 17 अगस्त को शुरू हुई 16 दिवसीय यात्रा एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी।

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यह यात्रा अब तक गयाजी, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार और पूर्णिया जिलों से होकर गुजर चुकी है। इसके बाद, यह मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुजरेगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button