
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बीच ही विवाद काफी बढ़ गया है। पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी ने जानकारी दी है कि उन्होंने लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है। कल्याण बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने अपनी सहयोगी महुआ मोइत्रा के साथ मतभेदों के बीच इस पद से इस्तीफा दिया है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की अध्यक्षता में पार्टी की एक वर्चुअल बैठक हुई थी। इसके बाद कल्याण बनर्जी ने पार्टी अपने इस्तीफे की घोषणा की।
कल्याण बनर्जी ने क्या बताया?
PTI के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी ने एक समाचार चैनल से कहा- “मैंने लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है, क्योंकि ‘दीदी’ (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) ने वर्चुअल बैठक के दौरान कहा था कि पार्टी सांसदों के बीच समन्वय की कमी है। इसलिए दोष मुझ पर है। इसलिए, मैंने पद छोड़ने का फैसला किया है।”
कल्याण बनर्जी का किनसे हुआ विवाद?
कल्याण बनर्जी पश्चिम बंगाल की राजनीति और तृणमूल कांग्रेस का जाना-माना चेहरा हैं। वह पश्चिम बंगाल की श्रीरामपुर लोकसबा सीट से चार बार के सांसद हैं। हाल ही में सांसद महुआ मोइत्रा के साथ उनके लगातार मतभेद देखने को मिले थे। इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर एवं पार्टी सांसद कीर्ति आजाद के साथ भी उनका सार्वजनिक विवाद हुआ था।
महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी के बीच विवाद क्या है?
सूत्रों के मुताबिक, कुछ महीने पहले महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी के बीच कई मुद्दों को लेकर तनाव की खबरें सामने आई थीं। महुआ मोइत्रा कथित तौर कल्याण बनर्जी से इसलिए नाराज थीं क्योंकि उन्हें लोकसभा में बोलने का पर्याप्त समय नहीं दिया गया। कल्याण बनर्जी कई सांसदों के बीच फ़्लोर टाइम को मैनेज करने के लिए ज़िम्मेदार हैं। महुआ मोइत्रा सदन में ज़्यादातर मुद्दों पर अपनी राय रखना चाहती हैं। हालांकि, उन्हें कथित तौर पर कई मौकों पर इससे वंचित किया गया जिससे वे निराश थीं। जानकारी के मुताबिक, महुआ ने कथित तौर पर कल्याण बनर्जी और उनकी बेटी के खिलाफ़ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। एक बार उन्होंने कल्याण बनर्जी को ‘छोटो लोक’ (बंगाली में नीच व्यक्ति) कहा था जिस कारण बनर्जी बहुत आहत हुए थे।



