देश

बिहार म्यूजियम के मुरीद हुए आनंद महिंद्रा, CM सम्राट का निमंत्रण स्वीकार किया, बोले- इसका लाभ जरूर उठाऊंगा

बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को एक बार फिर वैश्विक पहचान मिली है। पटना स्थित बिहार संग्रहालय (म्यूजियम) ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में 9वां स्थान हासिल कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। इतना ही नहीं, एशिया में इसे सर्वश्रेष्ठ संग्रहालय का दर्जा मिला है। अंतरराष्ट्रीय यात्रा पत्रिका ‘वर्थ एंड जर्नी’ की ओर से जारी इस सूची में बिहार संग्रहालय की उपलब्धि की देशभर में सराहना हो रही है। अब देश के प्रसिद्ध उद्योगपति और महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भी बिहार संग्रहालय की इस उपलब्धि की सराहना की है। उनके इस सकारात्मक रुख पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से उनका आभार जताया और उन्हें बिहार आने का आमंत्रण दिया है।

आनंद महिंद्रा ने क्या कहा?

बिहार म्यूजियम को लेकर उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने X पर एक पोस्ट में कहा- “पटना स्थित बिहार म्यूजियम का विश्व स्तर पर 9वें स्थान पर आना और एशिया में सर्वश्रेष्ठ चुना जाना, वाकई चौंकाने वाली और शानदार बात है। इसमें भारत में म्यूजियम देखने के अनुभव को पूरी तरह से बदल देने (गेम चेंजर बनने) की क्षमता है। बिहार म्यूजियम देश के हर मौजूदा म्यूजियम, और भविष्य में बनने वाले हर म्यूजियम के लिए एक नया बेंचमार्क तय करता है। एक नया ‘गोल्ड स्टैंडर्ड’। इस उपलब्धि को जो बात और भी खास बनाती है, वह है इसके पीछे की कहानी। इस म्यूजियम की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की और इसे आगे बढ़ाया। वहीं, बिहार सरकार और समर्पित प्रशासकों के निरंतर प्रयासों से इसे साकार किया गया। यह दूरदर्शी सोच, प्रशासनिक दृढ़ संकल्प और विश्व-स्तरीय रचनात्मक सहयोग का एक बेहतरीन उदाहरण है। म्यूजियम को मिली इस उपलब्धि का लाभ भारत की जनता को मिलेगा, जो कि काफी लंबे समय से ऐसे म्यूजियम की हकदार रही हैं, जैसे अनुभव उन्हें विदेशों की यात्रा के दौरान देखने को मिलते हैं।”

सम्राट चौधरी ने दिया निमंत्रण

आनंद महिंद्रा के इस बयान पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा- “आनंद महिंद्रा जी, बिहार की जनता की ओर से आपका हार्दिक आभार! बिहार की गौरवशाली विरासत हमारी पहचान, और उज्ज्वल भविष्य हमारा संकल्प है। आपको बिहार संग्रहालय भ्रमण और हाई टी पर संवाद हेतु सादर आमंत्रित करता हूँ। आइए, उद्योग, कृषि, तकनीक एवं पर्यटन में साझेदारी से निवेश, रोजगार और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करें। आनंद महिंद्रा ने कहा था- पटना स्थित बिहार संग्रहालय का विश्व स्तर पर 9वें स्थान पर आना और एशिया में सर्वश्रेष्ठ चुना जाना, वाकई शानदार बात है।”

निमंत्रण पर क्या बोले आनंद महिंद्रा?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी  के इस आत्मीय निमंत्रण पर आनंद महिंद्रा ने भी गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण और उत्साहजनक जवाब सचमुच दिल छू लेने वाला है। बिहार संग्रहालय को लेकर मुख्यमंत्री का गर्व और लगाव भी उन्हें अच्छा लगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब भी बिहार आने का अवसर मिलेगा, वे मुख्यमंत्री के निमंत्रण का लाभ जरूर उठाएंगे।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button