टीम इंडिया की हार पर कप्तान ने खराब बल्लेबाजी पर मढ़ा दोष, कहा – हम लगातार दोहरा रहें

भारतीय महिला टीम अभी ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है, जहां पर वह तीनों फॉर्मेट में सीरीज खेल रही है। इस दौरे की शुरुआत टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के साथ की थी, जिसे वह 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही। वहीं वनडे सीरीज में भी भारतीय टीम से सभी को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है। होबार्ट के मैदान पर खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, लेकिन 50 ओवर्स में सिर्फ 251 रनों का स्कोर ही बनाने में सफल हो सकी। वहीं इस मैच में मिली 5 विकेट से हार के बाद भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का भी बड़ा बयान सामने आया।
हम बल्लेबाजी में वही गलतियां लगातार दोहरा रहे हैं
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में मिली 5 विकेट से हार के बाद टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच प्रेजेंटेशन में बात करते हुए कहा कि ये बात बिल्कुल सही है कि हमने इस मैच में बिल्कुल भी अच्छी बैटिंग नहीं की क्योंकि हमने तय किया था कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करेंगे और 300 या उससे अधिक का स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे क्योंकि उसइस मुकाबले की पिच पिछले मैचों की तुलना में बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। हालांकि हम ऐसा बिल्कुल भी करने में कामयाब नहीं हो सके जिसमें हमने बीच के ओवर्स में लगातार विकेट गंवाएं। ऐसे में हम वही गलतियां दोहरा रहे हैं, जो पिछले मैचों में भी देखने को मिली थी।
हार के बाद भी कुछ पॉजिटिव भी रहा हमारे लिए
हरमनप्रीत कौर ने अपने बयान में आगे कहा कि हार के बावजूद भी हमारे लिए कुछ चीजें पॉजिटिव भी रही, जिसमें कई खिलाड़ी आगे आकर खुद को साबित करने की कोशिश भी कर रही हैं। इसलिए मैं सिर्फ ये कहना चाहती हूं कि हमें लगातार अपनी चीजों को सिर्फ सही रखने की कोशिश करनी होगी, क्योंकि मुझे लगता है कि अगर हम बल्लेबाजी में अच्छा करते हैं तो हमारे लिए सभी चीजें काफी बेहतर रहती हैं। अब कोशिश अगले मुकाबले में हमारी ऐसी ही रहने वाली है। बता दें कि इस वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला एक मार्च को होबार्ट के मैदान पर ही खेला जाएगा।



