
पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों को बड़ी राहत देते हुए फेसलेस RTO सेवाओं (Faceless RTO Services) की शुरुआत कर दी है। इस व्यवस्था के तहत अब लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, ट्रांसफर, परमिट या अन्य परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और अन्य वरिष्ठ आप नेताओं की मौजूदगी में इन सेवाओं का शुभारंभ किया गया।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि फेसलेस RTO प्रणाली का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, भ्रष्टाचार खत्म करना और नागरिकों का समय बचाना है। अब कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे लाइसेंस बनवा सकेगा, वाहन का पंजीकरण करवा सकेगा या अन्य सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेगा। उन्होंने कहा कि यह कदम पंजाब सरकार के “ई-गवर्नेंस मॉडल” की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे आम जनता को वास्तविक सुविधा मिलेगी।



