उत्तर प्रदेशगोण्डाराज्य

भाजपा जिलाध्यक्ष पर महिला के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप, पार्टी ने भेजा कारण बताओ नोटिस

गोंडा: यूपी के गोंडा में भाजपा जिलाध्यक्ष का एक वीडियो सामने आने के बाद पार्टी ने अब एक्शन लिया है। भाजपा ने गोंडा बीजेपी जिलाध्यक्ष को एक नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही उनसे सात दिनों के अदंर इस वीडियो को लेकर जवाब मांगा गया है। बता दें कि गोंडा के भाजपा जिलाध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है। इस वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी कार्यालय पर एक महिला कार्यकर्ता के साथ अश्लील हरकत करते हुए देखे जा रहे हैं। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसे विरोधियों की चाल बताया है।

12 अप्रैल की है घटना

बताया जा रहा है कि भाजपा जिलाध्यक्ष का यह वीडियो 12 अप्रैल का है। पूरी घटना पार्टी कार्यालय में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं भाजपा के ही एक कार्यकर्ता ने मामले की शिकायत पार्टी नेतृत्व से की, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वीडियो के मुताबिक घटना 9 बजकर 34 मिनट की है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा नेता अपनी कार से पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। इस बीच, एक युवक उन्हें देखकर उनसे मिलने पहुंचा। उन्होंने उस युवक से गेट पर ही कुछ मिनट तक बात की और फिर वापस पलट कर अपनी कार का पिछला दरवाजा खोला। गेट खुलते ही उसमें से एक महिला नीचे उतरी और तेज कदमों से कार्यालय की सीढ़ियों की तरफ गयी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि भाजपा जिला अध्यक्ष कश्यप भी उसके पीछे-पीछे ऊपर जा रहे हैं और सीढियों पर ही उसके साथ अश्लील हरकत करते हैं। वीडियो में दिख रही महिला भाजपा कार्यकर्ता बतायी जा रही है।

पार्टी ने भेजा कारण बताओ नोटिस

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने भाजपा जिलाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में लिखा है, ‘‘सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त वीडियो से आपके द्वारा किये गये कृत्य की जानकारी प्राप्त हुई है। आपके इस आचरण से पार्टी की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पडा है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको इस आशय से कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है कि आप अपना स्पष्टीकरण सात दिनों के अन्दर भाजपा प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराने का कष्ट करें। समय से स्पष्टीकरण एवं संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर पार्टी द्वारा कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।’’

जिलाध्यक्ष ने दी सफाई

हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने वीडियो को विरोधियों की साजिश बताया है। उन्होंने कहा, ‘‘वीडियो में दिख रही महिला पार्टी की कार्यकर्ता है। घटना के दिन उसकी तबीयत खराब हो गई थी। उसने आराम करने की जगह मांगी थी। उसे लेकर पार्टी कार्यालय गए थे। सीढ़ियों पर चढ़ते समय महिला को चक्कर आ गया था। उसे संभालने के लिए उसे पकड़ लिया था। विरोधी इस घटना को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं।’’ (इनपुट- पीटीआई)

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button