
Punjab Mohinder KP Son Death: पंजाब के जालंधर में शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ है. जिसमें वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद मोहिंदर सिंह केपी के बेटे रिची केपी की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जाता है कि, हादसे में रिची केपी की गाड़ी समेत 3 गाड़ियों की आपस में तेज टक्कर हुई। जिसमें रिची केपी की गाड़ी सबसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और उसकी जान चली गई। इसके अलावा एक अन्य गाड़ी में सवार लोग घायल बताए जा रहे हैं। जबकि तीसरी गाड़ी के मौके से फरार होने की खबर है।
यह पूरा हादसा वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसे की तीव्रता और भयावहता वीडियो में साफ देखी जा सकती है। हादसा होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जाता है कि पुलिस को सूचना देने के साथ लोगों ने ही रिची केपी को गाड़ी से बाहर निकालने में मदद की और खून से लथपथ हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां रिची केपी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत से परिवार सदमे में
बताया जाता है कि ये हादसा शहर के पॉश एरिया मॉडल टाउन के माता रानी चौक के नजदीक हुआ। मोहिंदर सिंह केपी का बेटा रिची केपी किसी काम के लिए घर से बाहर गया हुआ था। इस बीच जब वह माता रानी चौक के पास पहुंचा तो हादसे का शिकार हो गया। इधर बेटे की मौत की सूचना जैसे ही मोहिंदर सिंह केपी के घर पहुंची तो हाहाकार मच गया। पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार यह नहीं समझ पा रहा कि अचानक यह सब कैसे हो गया।
CM भगवंत मान ने जताया दुख
हादसे में मोहिंदर सिंह केपी के बेटे की मौत पर CM भगवंत मान ने दुख जताया है। सीएम ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ”जालंधर से वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व सांसद सरदार मोहिंदर सिंह केपी जी के बेटे रिची केपी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने की खबर मिली। इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ दिल से संवेदना प्रकट करते हैं। परमात्मा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को यह गहन दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’
जाब के मंत्री भी रहे मोहिंदर सिंह केपी
पंजाब में मोहिंदर सिंह केपी का राजनीतिक दबदबा काफी लंबा है। मोहिंदर के पिता, दर्शन सिंह केपी जालंधर से पांच बार विधायक रहे। इसके बाद मोहिंदर सिंह केपी जालंधर दक्षिण विधानसभा सीट से तीन बार- 1985, 1992 और 2002 में विधायक चुने गए। इस दौरान उन्होंने 1992 में खेल और युवा राज्य मंत्री, 1995 में शिक्षा और परिवहन राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। वह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। केपी 2009 में जालंधर से कांग्रेस सांसद बने थे। वहीं 2014 में वे होशियारपुर से विजय सांपला से हार गए थे। फिलहाल वह शिरोमणि अकाली दल के सदस्य हैं।



