
CM Bhagwant Mann Health: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। बताया जा रहा है कि, चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास पर ही उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, अभी यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि वास्तव में सीएम भगवंत मान को हुआ क्या है? सीएम मान की तबीयत बिगड़ने की आधिकारिक जानकारी खबर लिखे जाने तक नहीं दी गई है। बता दें कि, एक दिन पहले तक सीएम मान बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर थे। वह लगातार बाढ़ पीड़ितों से मिल उनका हालचाल जान रहे थे।
केजरीवाल ने सीएम मान से मुलाकात की
सीएम भगवंत मान को आज भी AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर जाना था. लेकिन इससे पहले उनकी तबीयत ही अचानक खराब हो गई। फिलहाल केजरीवाल दिल्ली से पंजाब पहुंच चुके हैं और इस बीच उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात भी की है और उनकी सेहत को लेकर जानकारी ली है। केजरीवाल सीएम आवास पर भगवंत मान से मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ पंजाब आप प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा भी मौजूद रहे।
सीएम मान के सभी दौरे रद्द
जानकारी मिल रही है कि, सीएम भगवंत मान के आज के सभी दौरे रद्द कर दिए गए हैं। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें कहीं न जाने की सलाह दी है। जिसके चलते अरविंद केजरीवाल अब कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकल गए हैं। शुरुवाती जानकारी में यह माना जा रहा है कि, बदलते मौसम के चलते सीएम भगवंत मान बीमार हुए हैं। उन्हें वायरल हुआ होगा। हालांकि, पूर्व में सीएम मान काफी बीमार हो गए थे। जिसके लिए उनकी तबीयत चिंता का विषय भी बनी हुई है।
बता दें कि, इससे पहले सीएम भगवंत मान की इस कदर तबीयत बिगड़ गई थी कि उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह काफी समय यहां भर्ती रहे। इसके बाद से उनके नियमित टेस्ट किए जाते रहे। वहीं एक बार दिल्ली दौरे के दौरान CM भगवंत मान की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और इसके बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।



