अमृतसर में पाकिस्तान समर्थित आतंकी साजिश नाकाम, IED और पिस्टल सहित एक गिरफ्तार

अमृतसर:
पंजाब को सुरक्षित और आतंकमुक्त बनाने की मुहिम के तहत स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) अमृतसर ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मेटल केस में पैक रिमोट कंट्रोल से संचालित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), एक विदेशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम कुमार उर्फ शुभम श्रीवास्तव निवासी गांव सरोसा, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर के संपर्क में था और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए निर्देश ले रहा था।
डीजीपी ने बताया कि आतंकी खेप सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई थी, जिसे शहर के बाहरी इलाके में तय स्थान से बरामद किया गया। यह IED पंजाब और दिल्ली सहित कई राज्यों में टारगेटेड हमलों के लिए इस्तेमाल किया जाना था। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
यह कार्रवाई उस समय हुई है जब एक दिन पहले ही पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की ISI समर्थित एक अन्य मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए अमृतसर के राहुल कुमार उर्फ गाजू को गिरफ्तार कर उसके पास से RDX आधारित IED बरामद किया था।
AIG SSOC अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस को विशेष सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स ने ड्रोन के जरिए IED और हथियार भारत भेजे हैं, जिन्हें उनके भारतीय सहयोगियों ने हासिल कर बड़े आतंकी हमलों की योजना बनाई है। सूचना के आधार पर विशेष टीमों का गठन कर अमृतसर-जालंधर जीटी रोड स्थित दरगाह के पास सुनसान इलाके में दबिश दी गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था और उसे उसके हैंडलर ने बड़ी रकम का लालच देकर उत्तर प्रदेश से अमृतसर बुलाया था।
इस संबंध में थाना SSOC अमृतसर में FIR नंबर 09 दिनांक 10.02.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), UAPA की धाराएं 18 व 20, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(d) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।



