
चंडीगढ़ :
पंजाब के कृषि आधारभूत ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सरदार गुरमीत सिंह खुड्डियां ने आज अपने कार्यालय में 13 नव-नियुक्त कृषि सब-इंस्पेक्टरों (ए.एस.आई.) को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर मंत्री ने सभी चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किसानों की सेवा करने का संदेश दिया।
स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि नव-नियुक्त ए.एस.आई. सरकार की प्रगतिशील कृषि नीतियों और किसानों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर किसानों तक योजनाओं और तकनीकी सलाह को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में इन अधिकारियों की जिम्मेदारी बेहद अहम होगी। मंत्री ने नव-नियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका आचरण, कार्यशैली और जिम्मेदारी राज्य के कृषि क्षेत्र की समृद्धि पर सीधा प्रभाव डालेगी, क्योंकि वे देश के ‘अन्नदाता’ से सीधे जुड़ने जा रहे हैं।
सरकार द्वारा कृषि विभाग में किए जा रहे निरंतर विस्तार का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सत्ता संभालने के बाद से अब तक 133 कृषि सब-इंस्पेक्टर (ए.एस.आई.) और 200 कृषि विकास अधिकारी (ए.डी.ओ.) भर्ती किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन भर्तियों से विभाग में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और किसानों को बेहतर, तेज और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध करवाने की क्षमता मजबूत हुई है।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार ने अब तक विभिन्न विभागों में 63,943 युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। उनके अनुसार, बड़े स्तर पर की गई इन भर्तियों से लंबे समय से खाली पड़े पद भरे गए हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और दक्षता आई है।
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव अर्शदीप थिंद, निदेशक कृषि गुरजीत सिंह बराड़ और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



