छात्र नेता को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी

गौरव कुशवाहा
रुद्रपुर (देवरिया)। पूर्वी तिवारी टोला निवासी एवं छात्र राजनीति से जुड़े सक्रिय युवा नेता मनीष मिश्रा को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मनीष मिश्रा ने इस संबंध में साइबर क्राइम शाखा को लिखित शिकायत दी है और आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष मिश्रा को एक अज्ञात फेसबुक आईडी से आपत्तिजनक भाषा में अपशब्द लिखे गए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। सोशल मीडिया पर इस तरह की धमकी और अभद्र भाषा के प्रयोग से मनीष मिश्रा एवं उनके परिजन भयभीत हैं। उन्होंने बताया कि वह छात्र हितों के लिए सदैव मुखर रहते हैं और समाज से जुड़े मुद्दों पर बेबाक राय रखते हैं, जिससे असामाजिक तत्व उनकी छवि को धूमिल करने एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास कर रहे हैं।
मनीष मिश्रा ने प्रभारी निरीक्षक, साइबर क्राइम देवरिया को दिए अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि एक फेसबुक आईडी से मेरे खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने इस मामले की गहराई से जांच कर संबंधित आरोपी को चिन्हित करने और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



