प्रदेश के 11 हजार खिलाड़ियों को मिलेगा कैशलेस इलाज
प्रदेश के पंजीकृत खिलाड़ियों को आयुष्मान भारत योजना का मिलेगा लाभ, कैशलेस उपचार की मिलेगी सुविधा

लखनऊ। प्रदेश में 11 हजार खिलाड़ियों व उनके परिजनों को हर साल पांच लाख रुपये के निश्शुल्क उपचार की सुविधा दी जाएगी। खेल विभाग के अंतर्गत विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण शिविर, आवासीय छात्रावास योजना और स्पोर्ट्स कालेजों के पंजीकृत खिलाड़ियों को यह सुविधा दी जाएगी।
कैशलेस इलाज के लिए जल्द इन खिलाड़ियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। अपर मुख्य सचिव, खेल एवं युवा कल्याण नवनीत सहगल ने बताया कि प्रत्येक खिलाड़ी का सालाना बीमा प्रीमियम 1,102 रुपये होगा और इसे खेल विभाग जमा करेगा। खिलाड़ियों को आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दे रहे निजी व सरकारी कुल 3,100 अस्पतालों में उपचार की सुविधा दी जाएगी।
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन एवं संवर्धन के लिए एकलव्य क्रीड़ा कोष और खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन तथा संवर्धन के लिए बनाई गई नियमावली में खिलाड़ियों व उनके परिजनों का स्वास्थ्य बीमा कराने की व्यवस्था की गई है। जल्द आयुष्मान भारत योजना की नोडल एजेंसी स्टेट एजेंसी फार कांप्रिहैंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विजेसी (साचीस) को खेल विभाग खिलाड़ियों का डाटा देगा। डाटा आयुष्मान योजना के लाभार्थियों में शामिल होते ही योजना का लाभ खिलाड़ी उठा सकेंगे।
खेल के दौरान चोट लगने और अन्य किसी गंभीर बीमारी होने पर इस योजना की मदद से खिलाड़ी खुद का और परिजनों का आसानी से उपचार करा सकेंगे। प्रदेश में लगातार खेल सुविधाओं को बढ़ाने के साथ-साथ खिलाड़ियों को मदद देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।



