फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बिहार ले जाई जा रही 25 पेटी अवैध शराब बरामद, एक अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देवरिया पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को थाना श्रीरामपुर पुलिस ने मैदनिया पुल के पास एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद कर एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्यवाही में पुलिस टीम ने एक सिल्वर रंग की महिंद्रा बोलेरो (वाहन संख्या BR 22 PA 0450) को रोका, जो कि एक फर्जी नंबर प्लेट (UP 32 BJ 2155) के साथ चल रही थी। वाहन की तलाशी के दौरान 25 पेटी अवैध देशी शराब, ब्रांड बन्टी-बबली (टेट्रा पैक), बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 45 पाउच पाए गए, जो कुल मिलाकर 225 लीटर शराब के बराबर है।
पुलिस ने मौके से चन्दन कुमार यादव पुत्र बलिन्द्र यादव, निवासी इमलौली, थाना मैरवा, जनपद सिवान (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने कबूला कि वह यह अवैध शराब बिहार ले जा रहा था, जहां शराबबंदी लागू है।
इस मामले में थाना श्रीरामपुर में मुकदमा अपराध संख्या 119/2025, धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) BNS व 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने कहा कि देवरिया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार तेज़ी से जारी रहेगा और ऐसे तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष श्रीरामपुर उपनिरीक्षक बलराम सिंह के नेतृत्व में हे.का. कैलाश पटेल, हे.का. धीरेन्द्र राय, का. उमेश चौहान व का. अमृतेश सिंह शामिल रहे।



