20 करोड़ रुपये से कराए जायेंगे 750 विकास कार्य, क्षेत्र पंचायत की बैठक में मिली स्वीकृति

मुजेहना क्षेत्र पंचायत की बैठक सोमवार को ब्लाक के सरयू सभागार में आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख कुसमा देवी व संचालन प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी ने किया। बैठक में मौजूद क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों की तरफ से दिए गए विकास कार्यों के 750 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। इन कार्यों पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे।
क्षेत्र पंचायत की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्र के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। गांव के लोगों के जीवनशैली को बेहतर बनाने का प्रयास हो रहा है। इसमें क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका है। परियोजना निदेशक चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार की तरफ से संचालित योजनाओं के माध्यम से लक्ष्य का निर्धारण कर क्षेत्र का विकास किया जा सकता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सदन में तैयारी के साथ अपने क्षेत्र की जरूरतों को रखने पर जोर दिया। एपीओ ने बताया कि पिछले साल 7 करोड़ रुपये खर्च किए गये थे। इस बार 20 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। यह पिछले बार की अपेक्षा 76 प्रतिशत अधिक है। अवर अभियंता लघु सिंचाई रमेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष 290 लाभार्थियों को निशुल्क बोरिंग योजना का लाभ दिया गया है। बजट के अभाव में कई लोगों के प्रस्ताव लंबित है। बजट मिलते ही अन्य को भी इसका लाभ मिलेगा। बीडीओ राजेन्द्र यादव ने बताया कि बैठक में विकास कार्य के 750 प्रस्ताव पास हुए हैं।
इन कार्यों पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जायेंगे। बैठक में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के निजी सचिव राजेश सिंह, पूर्व जिला मंत्री भाजपा चंद्र प्रकाश शुक्ल, मंडल अध्यक्ष मुनीन्द्र शर्मा, अध्यक्ष प्रधान संघ विनोद कुमार सिंह, रवि तिवारी, संजय सिंह, सूर्यपाल पांडेय, राजकुमार सिंह, व्यास नरायन पांडेय, प्रधान सभाजीत पांडेय, ओम प्रकाश पाण्डेय, अखिलेश तिवारी, प्रमोद कुमार पाण्डेय सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि रहे।



