भाजपा राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला, जनप्रतिनिधि जनता से कट चुके हैं: अखिलेश प्रताप सिंह

गौरव कुशवाहा
देवरिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि अब स्वकेंद्रित हो चुके हैं और जनता की समस्याओं से पूरी तरह विमुख हो गए हैं।
टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस प्रेस वार्ता की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामजी गिरी ने की। वार्ता के दौरान अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में देवरिया को केवल अधूरी योजनाएं, बदहाल अस्पताल और अधूरा मेडिकल कॉलेज ही मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में सिर्फ 16 बेड की इमरजेंसी सेवा उपलब्ध है, जहां गंभीर मरीजों को रेफर करने के अलावा कोई समाधान नहीं दिया जाता।
उन्होंने सवाल उठाया कि जनता ने जिन नेताओं को अपना प्रतिनिधि चुना, वे जनता की मूलभूत आवश्यकताओं से पूरी तरह कन्नी काट चुके हैं। उन्होंने देवरिया मेडिकल कॉलेज को न नाम का मेडिकल कॉलेज, न इलाज की सुविधा बताते हुए कहा कि यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है और मरीजों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर, लखनऊ या दिल्ली भेजा जा रहा है।
उन्होंने भाजपा सरकार की विकास योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेलडाड़ मार्ग और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं की केवल घोषणाएं हुईं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं बदला। देवरिया की सड़कें जर्जर हालत में हैं, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है और जलजमाव की समस्या हर साल विकराल होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि सिर्फ फोटो खिंचवाने और झूठे दावे करने में व्यस्त हैं, लेकिन जनता के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।
भाजपा सरकार की नई शराब नीति को लेकर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार की यह नीति सिर्फ मुनाफाखोरों को फायदा पहुंचा रही है और आम जनता का शोषण हो रहा है। संविदा कर्मचारियों के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा और कहा कि सरकार ने रोजगार के अवसर खत्म कर दिए और ठेका प्रथा के जरिए युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया।
अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर अधूरी परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा और जनता को मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के झूठे वादों से तंग आ चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।



