उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

कैंसर दिवस पर बोले अखिलेश यादव- भरोसेमंद लोगों को आगे कर कैंसर के खिलाफ अभियान चलाए सरकार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में पुरुषों में होने वाले लगभग 54 प्रतिशत कैंसर का कारण नशा है तो हर नशे के खिलाफ सरकार को अभियान चलाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों की अगुवाई उन भरोसेमंद लोगों से कराई जानी चाहिए, जो न केवल सार्वजनिक रूप से बल्कि निजी जीवन में भी किसी भी तरह के नशे से दूर रहकर ईमानदारी से सफल हुए हों और जिनके परिवार खुशहाल हों। ऐसे वास्तविक उदाहरण समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहने का संकल्प लेगी।

बुधवार को विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने जोर देते हुए कहा कि कैंसर से लड़ने से बेहतर है उससे बचाव किया जाए। समय रहते जांच और इलाज से कैंसर को हराया जा सकता है। जिन कैंसरों के लिए चिकित्सकीय रूप से सिद्ध टीकाकरण उपलब्ध है, उसे अपनाया जाना चाहिए और सरकार को यह टीकाकरण मुफ्त उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने तम्बाकू को कैंसर का सबसे बड़ा कारण बताते हुए इससे पूरी तरह दूरी बनाने की अपील की।

सपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जो लोग कैंसर से जंग जीतकर आज स्वस्थ जीवन जी रहे हैं, ऐसे कैंसर सर्वाइवर्स को अस्पतालों में मरीजों से मिलवाया जाए, ताकि उनमें जीवन के प्रति आशा और सकारात्मकता बढ़े। साथ ही, “मेडिसिनल” बताकर बेचे जा रहे नशीले उत्पादों के भ्रम से लोगों को सतर्क किया जाए, क्योंकि नशा किसी भी रूप में नुकसानदेह ही होता है।

उन्होंने मांग की कि कैंसर की दवाइयों को पूरी तरह टैक्स-मुक्त किया जाए और गरीब मरीजों के लिए इन्हें मुफ्त उपलब्ध कराया जाए। प्रदेश में स्थापित कैंसर संस्थानों के बेहतर रखरखाव के साथ मंडलीय स्तर पर नए कैंसर इंस्टीट्यूट खोलने को प्राथमिकता दी जाए। अखिलेश यादव ने सभी से आह्वान किया कि मिलकर “तम्बाकू से तौबा” और “नशे का नाश” जैसे अभियान चलाए जाएँ। उन्होंने कहा खुशहाल जीवन अपनाएँ और नशे को न हाथ लगाएँ।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button