अभियान के तहत राजधानी में 38 लाख पौधें लगाकर रचा इतिहास, स्कूल कॉलेज समेत अस्पताल परिसराें ने बनाया रिकॉर्ड

लखनऊ: राजधानी की धरा को हरा भरा करने के लिए बुधवार को एक पेड़ मां के नाम के अभियान चलाया गया। इसके तहत सभी विभागों, शिक्षण संस्थाओं और संगठनों के लोगों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। नगर निगम, एलडीए के पार्कों, मैदानों, स्कूल-कॉलेज प्रांगणाें, सरकारी कार्यालय परिसरों, अस्पताल परिसराें समेत 38 लाख से अधिक पौधे लगाए गए।
इस अभियान में स्कूल, अस्पताल, पार्क, वाटिकाएं सहित 26 विभिन्न विभागों के लोगो ने पौधारोपण किया । शहर में जिला वृक्षारोपण समिति की देखरेख में चले कार्यक्रम में सामजिक संगठनों से लेकर सरकारी गैर- सरकारी क्षेत्रों मे काम करने वालों ने अभियान में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
डीएफओ सितांशु पाण्डेय ने बताया कि 26 विभिन्न विभागों के लोगो ने पौधारोपण अभियान में सहभागिता और सहयोग किया। वन विभाग की ओर से साढ़े तेरह लाख से अधिक पौधे लगाए गए। ग्राम विकास की ओर से 12 लाख 50 हजार से अधिक पौधों लगवाने का का काम किया गया। सबसे अधिक 4700 पौधे त्रिवेणी वाटिका कुकैरल में लगाए गए।
मोहनलालगंज और मलिहाबाद में भी पौधे लगाए गए। एक पेड़ मां के नाम विषय पर चित्रकला और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं भी कराई गई। इसमें विजेताओं को सहजन के पौधे वितरित किए गए। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में निदेशक अदिति शर्मा और उप निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने पौधे लगाए। पर्यटकों से भी पौधरोपण कराया गया।
लखनऊ नगर निगम ने एक दिन में 1,37,312 पौधे रोपे
लखनऊ नगर निगम ने “एक पेड़ मां के नाम – 2.0” अभियान के तहत एक दिन में 1,37,312 पौधे लगावाए। आम्रपाली योजना दुबग्गा में मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने लाल चंदन का पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महापौर सुषमा खर्कवाल ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया।
आम्रपाली योजना में प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने लगाया लाल चंदन का पौधा
उप नेता पार्षद दल सुशील तिवारी ”पम्मी”, पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीकृष्णा लोधी, पार्षद रोशनी रावत, कमलेश पटेल, अनुराग मिश्रा अन्नू, धर्मेंद्र सिंह, सीबी. सिंह, अजय दीक्षित और गीता देवी सहित नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, नम्रता सिंह, अरुण कुमार गुप्त, डॉ अरविंद कुमार राव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, मुख्य अभियंता आरआर मनोज प्रभात, समस्त जोनल अधिकारी, उद्यान अधीक्षक ने भी पौधे लगाए।
होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय में रोपे गए 108 पौधे
1.jpg)
गोमतीनगर स्थित राजकीय नेशनल होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 108 औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए गए। निदेशक होम्योपैथी प्रो अरविंद कुमार वर्मा, प्राचार्य प्रो. विजय कुमार पुष्कर,प्रो. वीपी वर्मा, प्रो. अमित नायक, प्रो.अशोक कुमार सिंह, डॉ. राजकुमार कश्यप, प्रो. विश्वजीत गुप्ता, डॉ. विनय शंकर तिवारी, डॉ. मानसी, डॉ. जितेन्द्र, डॉ. अंजनी और बैंक ऑफ बड़ौदा से जनरल मैनेजर शैलेंद्र कुमार और उनका स्टाफ मौजूद रहा। बीकेटी के रामसागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में सीएमएस डॉ. वीके शर्मा और अस्पताल का स्टाफ ने पौधे लगाए। लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया गया।
सौमित्र वन में प्रमुख सचिव ने रोपा
1.jpg)
अयोध्या रोड स्थित सौमित्र वन में नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पारसार्थी सेन शर्मा ने पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने विकसित सौमित्र वन की सराहना की। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से सौमित्र वन, गोमती रिवर फ्रंट, हैदर कैनाल, शहीद पथ, सीजी सिटी स्थित नंदन वन, बसंतकुंज योजना में मैंगो पार्क एवं आयुर्वेद पार्क में पौधे लगाए गए। विभिन्न योजनाओं में स्थित ग्रीन बेल्ट/पार्कों में पौधरोपण किया गया। अपार्टमेंट, कॉलोनी व स्थानीय लोगों ने पौधे लगाए। अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह और कर्मचारियों ने एक-एक पौधा लगाया।
संगीत नाटक अकादमी में लगाया गया एक पेड़ मां के नाम
.jpg)
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में एक पेड़ मां के नाम-2 का आयोजन किया। जिसमें अकादमी, कथक केन्द्र और रेडियो जयघोष के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अकादमी परिसर में पौधारोपण किया। संस्कृति विभाग के वित्त नियंत्रक कृष्ण कुमार पाण्डेय, अकादमी के कोषाध्यक्ष अमित अग्निहोत्री, निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर और अन्य ने शीशम, कटहल, आम, अमरूद तथा नींबू के पौधे लगाए। निदेशक ने कृष्ण कुमार पाण्डेय तथा अमित अग्निहोत्री को तरू एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
अपर श्रमायुक्त ने लगाया नीम का पौधा
1.jpg)
अटल आवासीय विद्यालय में अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने नीम का पौधा लगाया। शिक्षकों, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शक्ति राय, प्रधानाचार्य सुखवीर सिंह भी रहे।
जिले के परिषदीय स्कूलों में चला वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम
लखनऊ में सभी परिषदीय विद्यालयों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के दिशा निर्देशन में पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ जन अभियान 2025 के अंतर्गत व्यापक जन सहभागिता के साथ वृक्षारोपण आयोजित किया गया। जिसमें सरकारी स्कूल के शिक्षकों व बच्चों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष पौधों का रोपण कराया गया।

विकासखंड मलिहाबाद में खंड शिक्षा अधिकारी पदमशेखर मौर्य, विकासखंड सरोजिनी नगर में खंड शिक्षा अधिकारी रुद्र प्रताप यादव, विकासखंड माल में खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर श्रीवास्तव मोहनलालगंज खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार, गोसाईगंज में खंड शिक्षा अधिकारी रामराज, खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कटियार आदि के नेतृत्व में सभी विद्यालयों के शिक्षकों व बच्चों ने वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया।
सतीश महाना ने लगाया विधानभवन में चंपा का पौधा
.jpg)
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बुधवार को विधानभवन परिसर में पौधरोपण महाअभियान के अंतर्गत चंपा के पौधे का रोपण किया। इस मौके पर महाना ने कहा कि अगर हम सभी सामूहिक रूप से इस महाअभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तो इसके सकारात्मक परिणाम अवश्य दिखाई देंगे। इस अवसर पर विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
भाजपा ने बूथ स्तर पर वृक्षारोपण किया
भारतीय जनता पार्टी ने ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत बुधवार को प्रदेश में बूथ स्तर पर वृक्षारोपण किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने हरदोई के संडीला में वृक्षारोपण किया। जबकि प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्ति केन्द्र तथा बूथ के पदाधिकारी, सांसद, विधायक, नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, आयोग, निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, जिला पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य, ब्लाक प्रमुख समेत सभी जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के कार्यकर्ता पौधारोपण करने के लिए बूथ पर पहुंचे।
कौशल विकास मिशन परिसर में पौधरोपण
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के परिसर में वृक्षारोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह ने पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान मिशन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कालीमिर्च, हींग आदि के मसालेदार पौधे लगाए
अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बीएल. मीणा के नेतृत्व में राजकीय उद्यान आलमबाग, मंत्री उद्यान, राजकीय अलंकृत उद्यान, उपनिदेशक लखनऊ कार्यालय शीतगृह परिसर सहित उद्यान निदेशालय में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत अधिकारियों, कार्मिकों ने भी वृक्षारोपण किया। इसके तहत पारिजात, सहजन, इलायची, जायफल, काली मिर्च, हींग, तेजपत्ता, आम, अमरूद, चीकू, हरसिंगार, पुत्तनजीवा, आंवला आदि के पौधे उद्यान विभाग के विभिन्न संस्थानों में 5000 से अधिक रोपे गये।
उत्तर प्रदेश ने लक्ष्य से 21 लाख ज्यादा पौधे लगाकर रचा इतिहास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने बुधवार को 37,21,40,925 करोड़ पौधे लगाकर एक नया इतिहास रचा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत इस बार लक्ष्य 37 करोड़ पौध लगाने का था जिसके सापेक्ष 21,40,925 लाख अधिक पौधे ज्यादा लगे जिससे बीते वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया। मुख्यमंत्री ने वन मंत्री अरूण सक्सेना के साथ बुधवार को अयोध्या से इस अभियान की शुरुआत की जहां उन्होंने रामपुर हलवारा में सरयू नदी के किनारे त्रिवेणी वाटिका में बरगद, नीम और पीपल के पौधे रोपकर इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित किया। योगी ने अयोध्या, आजमगढ़ और गोरखपुर में पौधा रोपा।
इस मौके पर अयोध्या में आयोजित एक जनसभा में मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 204 करोड़ पौधों का रोपण किया गया, जिनमें से 75 प्रतिशत पौधे जीवित हैं। इसके परिणामस्वरूप राज्य में 5 लाख एकड़ क्षेत्र में वनाच्छादन बढ़ा है। योगी ने कहा कि हमने हीटवेव को ग्रीनवेव में बदला है। उन्होंने वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़ों में भी जीवन है और ये छाया, फल, मृदा संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
योगी ने इस अभियान को धरती और जन्मदायिनी मां के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया। उन्होंने वैदिक उद्घोष माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः का उल्लेख करते हुए कहा कि एक सच्चा पुत्र वही है जो अपनी मां की सेवा और रक्षा करता है। इस अभियान के तहत प्रदेशवासियों ने सुबह 7 बजे से ही उत्साह के साथ पौधरोपण शुरू किया। योगी ने कहा कि यह अभियान वर्तमान को संवारने और भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। पेड़ हमें प्रदूषण, सांस की बीमारियों और कार्बन उत्सर्जन के दुष्प्रभावों से बचाएंगे।
टेक्सास की बाढ़ में सैकड़ों बच्चों के लापता हो जाने का दिया हवाला
मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन को वैश्विक चुनौती बताते हुए कहा कि अतिवृष्टि, अनावृष्टि और बादल फटने जैसी घटनाएं अनियोजित विकास का परिणाम हैं। उन्होंने अमेरिका के टेक्सास में हाल ही में हुई एक घटना का जिक्र किया, जहां अचानक आई बाढ़ में सैकड़ों बच्चे लापता हो गए। सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि नियोजित और वैज्ञानिक प्रयासों से विकास और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन स्थापित किया जा सकता है।
60 लाख वां पौधा लगाकर योगी ने किया आजमगढ़ के लक्ष्य को पूरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे के किनारे आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक के केरमा गांव में हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की। आजमगढ़ को 60लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। योगी ने यहां 60 लाख वां पौधा लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से इस विराट अभियान का हिस्सा बनने के लिए आजमगढ़ व प्रदेशवासियों का आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री ने पौध देकर किया सम्मानित
आजमगढ़ में मुख्यमंत्री ने जीरो पॉवर्टी के लाभार्थी अमरजीत, रिंकू देवी, सोनमती देवी, बुद्धिराम, अनीता देवी को सहजन का पौधा दिया। मुख्यमंत्री ने कक्षा सात के छात्र दीपक चौहान, अमृता यादव तथा कक्षा-8 की श्वेता मौर्या, शकीना, मोहिनी राजभऱ को भी पौध व चॉकलेट दिया। इस दौरान योगी ने कहा कि सहजन प्रोटीन व विटामिन से भरपूर है। उसकी पत्ती, साग,फली भी पौष्टिक है। कुपोषित व्यक्ति भी इसका सूप-साग खाए और लंबे समय तक सेवन करे तो स्वस्थ रहेगा। गाय को सहजन खिलाते हैं, जिससे दूध बढ़ेगा।
हिंदु बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करता था जल्लाद: योगी
मुख्यमंत्री आजमगढ़ में समाज विरोधी व राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि बलरामपुर में एक जल्लाद को हम लोगों ने गिरफ्तार किया है। वह जल्लाद हिंदु बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करता था। पैसे में सौदेबाजी करता था, लेकिन अब ऐसे तत्वों के साथ सख्ती की जा रही है। हम समाज को टूटने भी नहीं देंगे और राष्ट्रविरोधी-समाजविरोधी तत्वों को भी चकनाचूर करके रहेंगे। हम धऱती मां के स्वास्थ्य की भी रक्षा करेंगे और मां की स्मृतियों को भी जीवंत बनाएंगे।
राज्यपाल ने बाराबंकी तो उपमुख्यमंत्रियों ने मेरठ व लखनऊ में लगाए पौधे
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने बाराबंकी में पौध लगाया। राज्यपाल ने यहां त्रिवेणी (पीपल, बरगद व नीम) का रोपण किया। उन्होंने लघु फिल्म लॉन्च की, आंगनबाड़ी किट, पोषण पोटली व प्रमाण पत्र वितरित किए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना अयोध्या-गोरखपुर तथा वन राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक आजमगढ़-गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अलग अलग जिलों में पौधे रोपित किये।



