अयोध्याउत्तर प्रदेश

अयोध्या: विशेष चौकसी की रणनीति पर काम कर रहा पुलिस-प्रशासन, सोशल मीडिया प्लेटफार्म की हो रही निगरानी

अयोध्या। आगामी पर्व-त्योहार को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष चौकसी की रणनीति बनाकर काम शुरू किया है। मुख्यालय से देहात तक आला अधिकारी हर घटनाक्रम पर निगाह लगाए हैं और हिदायतें दी जा रही हैं। शासन की प्राथमिकता शबे बारात और होली को सकुशल संपन्न कराने की है। जिसको लेकर जिले में शांति समितियों की बैठकें अंतिम दौर में हैं।

थाना कोतवाली और जिले की सीमा पर सघन जांच व तलाशी का अभियान छेड़ दिया गया है। कंट्रोल रूम से सोशल मीडिया प्लेटफार्म की भी निगरानी भी की जा रही है। शनिवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से आला अधिकारियों ने जरूरी दिशा निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि इस बार होलिका दहन के दिन सात मार्च को शबे बारात का पर्व भी है। जबकि अगले दिन आठ मार्च को होली खेली जाएगी। इस नवाबों की नगरी में पारंपरिक गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द को बरकरार रखने तथा शांति व सुरक्षा की व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सभी तैयारियों व रणनीति को मुकम्मल रूप देने की कवायद में जुटा है।

मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों के साथ डीएम ने की बैठक 

आगामी शबे बारात व होली को लेकर जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बैठक की। बैठक में सभी उपजिला मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को त्योहार व बीट सूचना रजिस्टर का अवलोकन कर विगत पांच वर्षों में इस दौरान हुई घटनाओं के मद्देनजर मातहत व संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेकर एहतियाती उपाय किए जाने, होलिका दहन के दौरान असामाजिक तत्वों की हरकतों पर नजर रखने, होली के जुलूस के दौरान अभद्रता आदि को लेकर सतर्क रहने तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगाह रखने की हिदायत दी। साथ ही शराब बंदी को पूर्णता लागू कराने और संबंधित विभागों को पानी, बिजली, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था करने को कहा।

भूमि संबंधी विवाद होने पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम से समाधान कराने, डीजे संचालकों को आवश्यक हिदायत देने तथा अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर चिकित्सा से लेकर अन्य सुविधाओं को जांच लेने का निर्देश दिया। प्रशासन ने निगरानी तंत्र के लिए नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया है। वहीं शबे बारात को लेकर दरगाह शाह इब्राहिम शाह, शीश पैगम्बर, बड़ी यतीमखाना समेत अन्य स्थलों पर साफ-सफाई व अन्य व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।

सीमाओं पर शुरू हुई सघन जांच-तलाशी, डीआईजी ने की वीसी

आगामी पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के लिए थाना, कोतवाली से लेकर जिले की सीमा क्षेत्र के बैरियर सक्रिय कर दिए गए हैं और आने-जाने वालों की सघन जांच व तलाशी कराई जा रही है। शनिवार को डीआईजी एपी सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है तथा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली है।

जिला पुलिस की ओर से पर्व को लेकर दो कंपनी पीएसी और दो कंपनी सीआरपीएफ की मांग की गई थी। जिसमें सीआरपीएफ की आमद  शुरू हो गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में विवादित होलिका स्थलों, मिश्रित आबादी के क्षेत्रों, सड़क किनारे गड्ढों, शराब के नशे में हुड़दंग और अभद्रता, शासन व आला अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की हिदायत दी गई।

एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि शबे बारात व होली को सकुशल संपन्न कराना पुलिस व प्रशासन की प्राथमिकता है, इसको लेकर सभी एहतियाती उपाय तथा मुकम्मल व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जिले को अतिरिक्त फोर्स भी मिली है। सीमाओं के बैरियर पर जांच व तलाशी अभियान के साथ गश्त व संवाद अभियान जारी है। डीजे संचालकों समेत दोनों समुदाय के लोगों को नियम कायदों के अनुपालन तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग की अपील की गई है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button