सीबीएसई सहोदय स्कूलों ने मनाया होली का त्योहार

गोरखपुर। सोमवार को सिविल लाइंस गोलघर में स्तिथ होटल १० पार्क स्ट्रीट में गोरखपुर सहोदय स्कूल्स एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में सीबीएसई बोर्ड से मान्यता प्राप्त ५० से अधिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में जीएसएसए के अध्यक्ष और सीबीएसई जिला समन्वयक श्री अजीत दीक्षित जी ने सभी का स्वागत किया।
जीएसएसए के सचिव श्री सुजॉय बिस्वास जी ने सत्र २०२२ – २३ का वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत किया जिसमे एसोसिएशन के द्वारा आयोजित कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। जीएसएसए के कोषाध्यक्ष और सीबीएसई जिला प्रशिक्षण समन्यवक डॉ सलिल श्रीवास्तव जी ने सत्र २०२२ – २३ में सभी विद्यालयों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और आने वाले सत्र में भी इसी प्रकार और भी अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम कराने पर जोर दिया।
जीएसएसए की ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ सीमा राय जी ने अगले सत्र में एक वार्षिक सहोदय कैलेंडर बनाने पर और साथ ही साथ एक भव्य इंटर स्कूल स्पोर्ट्स मीट कराने पर जोर दिया। होली मिलन कार्यक्रम में सभी ने एक दूसरे को उपहार भेंट कर और अबीर गुलाल लगाकर मनाया। जीएसएसए के उपाध्यक्ष श्री राजकुमार श्रीवास्तव जी ने सभी आए हुए प्रधानाचार्यों का आभार व्यक्त किया और आगे भी ऐसे ही आयोजन कराने का आश्वासन दिया।



