चेयरमैन एवं सभासदों द्वारा सत्या जीवन दान साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण जैसा सराहनीय जनहित कार्य किया गया


डा० शाह आलम
ख्वाजा एक्सप्रेस दैनिक समाचार पत्र पोर्टल यूट्यूब चैनल शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ कस्बे में स्थित राजस्थान अतिथि भवन में सत्या खुशहाल जीवन दान साइकिल योजना के अन्तर्गत शनिवार को छात्र-छात्राओं, नगर एवं क्षेत्रवासियों के लिए विशेष छूट योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा कुल 146 साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को रियायती दर पर साइकिलें उपलब्ध कराई गईं। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सस्ता, सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें दैनिक आवागमन में सुविधा मिल सके। विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को विद्यालय एवं महाविद्यालय आने-जाने में इससे लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को योजना की विशेषताओं, पात्रता और लाभों की जानकारी भी दी गई। आयोजकों ने बताया कि यह जनहितकारी पहल समाज के विभिन्न वर्गों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला तथा क्षेत्रवासियों ने इसकी सराहना की। चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने कहा कि जो लोग अभी तक इस विशेष छूट योजना का लाभ नहीं ले पाये हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण कराएं। उन्होंने बताया कि इच्छुक लाभार्थी नगर पंचायत कार्यालय, शोहरतगढ़ में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसका लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान सभासद अनूप कसौधन, सभासद वकील खान, सभासद बाबूजी अंसारी, सभासद प्रतिनिधि बबलू गौड़, जितेंद्र पाण्डेय, कुणाल जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



