संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी से मिलेगा सफलता का मंत्र

गौरव कुशवाहा
देवरिया: विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह और जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग समेत 12 अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। सरकार की प्रभावी नीतियों के चलते जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) और एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) के मामलों में कमी आई है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग देकर अपने परिवार और समाज को सुरक्षित रखें।

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि संचारी रोगों के उन्मूलन के लिए जागरूकता और जनभागीदारी बेहद जरूरी है। यदि लोग अपने आसपास मच्छरजनित परिस्थितियों को बनने से रोकें, तो डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया जैसी बीमारियों को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग की भूमिका में रहेगा, जबकि 12 अन्य विभाग इसे सहयोग देंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने जानकारी दी कि 1 से 30 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 10 से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संभावित संक्रमित व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों की पहचान करेंगी तथा इनकी जानकारी ‘ई-कवच’ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। साथ ही, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की सूची तैयार कर प्रशासन को सौंपी जाएगी।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार के सदस्यों का ‘आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट’ (आभा) सृजित करेंगे और लोगों को इसके लाभों के बारे में जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र, डॉ. आर.पी. यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सी.पी. मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. वैश्य, अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, सहायक मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



