सलेमपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने मौके पर सुनीं शिकायतें, 10 मामलों का त्वरित निस्तारण

गौरव कुशवाहा / दिलीप भारती
देवरिया। तहसील सलेमपुर सभागार शनिवार को आमजन की समस्याओं के समाधान का मंच बना, जब जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के तहत सीधे जनता से संवाद कर शिकायतें सुनीं और आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 168 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 158 मामलों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।

डीएम मित्तल ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि भूमि विवाद, अवैध कब्जा, खातेदारी की त्रुटियां और जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने लेखपालों को फील्ड पर सक्रिय रहने और लंबित मामलों के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
इस दौरान दो पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय कार्ड और एक व्यक्ति को तत्काल खतौनी दुरुस्तीकरण की सुविधा भी दी गई, जिससे जनपद प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता परिलक्षित हुई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने थाना स्तर की शिकायतों की मॉनिटरिंग करते हुए कहा कि पुलिस विभाग से जुड़ी हर शिकायत पर फौरन एक्शन लिया जाए।
राजस्व विभाग के अंतर्गत चल रही धारा 116 के तहत लंबित बंटवारे के मामलों में सुलह योजना के तहत प्रभावी काम करने वाले ग्रामीणों और कर्मठ कर्मचारियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने “वृहद वृक्षारोपण महाभियान-2025” के अंतर्गत जमुआ नंबर 2 ग्राम में वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने वालों को पौधों के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, खाद्य एवं आपूर्ति, नगर निकाय, विद्युत विभाग सहित तमाम अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ औपचारिकता न होकर, पीड़ित को न्याय देने की भावना से किया जाए।



