उत्तर प्रदेशलखनऊ

कांग्रेस मुसलमान को ठगने वाले दलों में सबसे आगे : ओपी राजभर

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस को मुसलमान को ठगने वाली सबसे प्रमुख पार्टी करार देते हुए दावा किया कि देश पर आधी सदी से भी ज्यादा समय तक शासन करने वाली इस पार्टी की नीतियों के कारण सरकारी नौकरियों में मुसलमानों की भागीदारी एक प्रतिशत भी नहीं है।

राजभर ने मीडिया से बातचीत में अल्पसंख्यक समुदाय के वोटों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा, ”मुसलमानों को ठगने में कांग्रेस नंबर वन पार्टी है। उसके बाद प्रदेश में समाजवादी पार्टी और तीसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी है।” राजभर ने कहा, “ये लोग वोट के लिए मुसलमानों के बारे में बहुत सारी बातें करते हैं। लेकिन उन्होंने उनकी बेहतर शिक्षा के लिए क्या किया है।” उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद सरकारी नौकरियों में 38 प्रतिशत मुसलमान थे लेकिन कांग्रेस 50 साल से अधिक समय तक सत्ता में रही और उनकी नीतियों के कारण आज सरकारी नौकरियों में मुसलमान की भागीदारी एक प्रतिशत भी नहीं है। राजभर ने कहा, “इसके लिए कौन जिम्मेदार है। क्या भाजपा जिम्मेदार है? उन्होंने (कांग्रेस, सपा और बसपा) अल्पसंख्यकों और भाजपा के बीच खाई पैदा कर दी है।

राजभर ने कहा मैं मुस्लिम भाइयों से आग्रह करूंगा कि वे नफरत छोड़ें और विकास के लिए लड़ें। इन लोगों (कांग्रेस और समाजवादी पार्टी) को छोड़ें और हमारे साथ आकर योजनाओं का लाभ उठाएं।” राजभर ने दावा किया कि कम से कम 15 से 20 प्रतिशत मुसलमान भाजपा को वोट देने जा रहे हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतेगा। उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा, “आम जनता इस बात को स्वीकार कर रही है कि पिछली समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सरकार में दंगे होते थे और कर्फ्यू लगाया जाता था। इससे उन्हें राहत मिली है। लोग सपा की सरकार को गुंडों की सरकार कहते थे।” राजभर की पार्टी ने वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ा था मगर उसने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का साथ छोड़ दिया था।

सुभासपा ने साल 2022 में हुआ विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी से गठबंधन कर लड़ा था और उसे छह सीटें जीती थीं। हालांकि चुनाव के बाद सपा से रिश्तों में तल्खी के चलते राजभर एक बार फिर भाजपा नीत राजग में शामिल हो गए थे। उन्हें हाल ही में प्रदेश का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राजभर ने आगामी लोकसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने के भाजपा के दावे के सच होने का कारण गिनाते हुए कहा, ”यह दावा सच होगा क्योंकि भाजपा और उसके सभी गठबंधन सहयोगी जमीन पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं… दूसरी ओर विपक्ष केवल (सोशल मीडिया मंच) ‘एक्स’ पर अपने विचार पोस्ट कर रहा है।”

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button