उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

देर रात तक जारी रहा इमामबाड़ों और कर्बलाओं में मजलिसों का सिलसिला

  • चुप ताजिये का जुलूस आज

लखनऊ। मोहर्रम के अंतिम दिन आठ रबिउल अव्वल की पूर्व संध्या पर रविवार को इमामबाड़ों और कर्बलाओं में मजलिसों का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। वहीं महिलाओं ने घरों में गमजदा दिल से कर्बला के शहीदों की याद में अलविदायी नौहे पढ़े। कर्बला दियानुतद्दौला में अंजुमन हुसैनिया कदीम की मजलिस को मौलाना कल्बे जव्वाद ने खिताब किया।

इसके बाद ताबूतों की जियारत करायी गयी। काजमैन में अंजुमन काजमिया आबिदया की मजलिस को मौलाना कर्रार हैदर मौलाई ने खिताब किया। दोनों मजलिसों के बाद अकीदतमंद हाथों में अलम लिए या हुसैन…या हुसैन…कहते दहकती आग पर से गुजर गये। अजाखाना मौलाना अली नकी नदान महल रोड में मौलाना सैफ अब्बास ने मजलिस को खिताब किया। अजाखाना हुसैनी मंसूरनगर में अंजुमन दस्ते हुसैनी की शब्बेदारी में मौलाना सदफ जौनपुरी ने मजलिस को खिताब किया।

मजलिस के बाद अंजुमन ने अलविदायी अलम उठाया। अजाखाना ढयोड़ी सात सौ वाली बेगम मरहूमा कश्मीरी मोहल्ला में मजलिस को मौलाना हसनैन बाकरी ने खिताब किया। महिलाओं की अंजुमन मासूमियां ने काशना अफसर हसन पुरिया में मजलिस का आयोजन किया। मजलिस के बाद अंजुमन मातम करती हुई ताबूत और अलम को इमामबाड़ा अबुल फजलिल अब्बास ले गयी।

अंजुमन नासिरुल अजा की शब्बेदारी का समापन
कटरा अबुतुराब में अंजुमन नासिरुल अजा की चल रही शब्बेदारी की अलविदाई मजलिस के बाद समापन हो गया। शब्बेदारी की मजलिसों को मौलाना एजाज अतहर ने खिताब किया। शब्बेदारी मेंअंजुमन मोजिजे अब्बास (मुंबई),रजाए हुसैन,गुंचाए मजलुमियां,लश्करे हुसैनी,आबिदया काजमिया,गुंचाए मेहदिया,जफरुल ईमान,रौनक ए दीने इस्लाम और शाह इंसोजां ने नौहाख्वानी की। अंजुमन के साहिबे बयाज रफीकुल हुसैन ने शब्बेदारी आये सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया।

नजर हसन अस्करी आज: अजाखाना अबुल फजलिल अब्बास हसन पुरिया में सोमवार को सुबह 10 बजे से ग्यारहवें इमाम हसन अस्करी (अ.स.) की शहादत के मौके पर नज्र का आयोजन होगा।

अंजुमनों की नौहाख्वानी आज : रौजाए काजमैन और कर्बला दियानुतद्दौला में शहर व प्रदेश से आईं अंजुमनें कल सुबह से देर रात तक नौहाख्वानी व सीनाजनी करेंगी। अंजुमनों ने अपने अलम सजाने के लिए फूलों के आकर्षक पटकों को बनाने के लिए फूल वालों को आर्डर दिये हैं। सेहरा बनाने वाले इसरार ने बताया कि इस साल सेहरे की कीमत करीब 5 से 50 हजार रूपये तक है। अंजुमन काजमियां आबिदया और हुसैनिया कदीम अपना अलविदायी अलम निकालेगी। कर्बला में मौलाना गुलाम मेहदी गुलरेज व काजमैन में मौलाना एजाज अतहर मजलिस को खिताब करेंगे।

चुुप ताजिये का जुलूस आज

कर्बला के शहीदों की याद में सोमवार को चुुप ताजिये का जुलूस सुबह की नमाज के बाद विक्टोरिया स्ट्रीट स्थित इमामबाड़ा नाजिम साहब से निकाला जायेगा जो विभिन्न रास्तों से गुजरता हुआ रौजाए काजमैन जाकर समाप्त होगा। जुलूस की मजलिस को मौलाना एजाज अतहर खिताब करेंगे। जुलूस में दो ताजिये,हाथी पर अलम लिए अजादार, जुलजनाह, हजरत अली असगर (अ.स.) का झूला, हजरत अब्बास (अ.स.) के अलम शामिल होंगे। जुलूस में सबसे पीछे ऊंटों पर सजी अमारियां होंगी।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button