उत्तर प्रदेशदेवरियाराज्य

बेटी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, कुल्हाड़ी से वार कर उतारा पिता को मौत के घाट

  • कोतवाली पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा

गौरव कुशवाहा

देवरिया। थाना कोतवाली क्षेत्र के भरौली बाजार महुआबारी गांव में 4 मार्च को हुए एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 12 घंटे में सफल खुलासा कर दिया। इस निर्मम हत्या के पीछे मृतक की अपनी ही बेटी और उसके प्रेमी का हाथ निकला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

भरौली बाजार महुआबारी निवासी 65 वर्षीय उदयभान यादव का शव उनके घर में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई धर्मेंद्र यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि जमीनी विवाद के चलते प्रदीप वर्मा समेत चार लोगों ने उनके भाई को अधमरी हालत में घर पर छोड़ दिया, जहां उनकी भतीजी मौजूद थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया। डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया। जब पुलिस ने मृतक की पुत्री दीपाली यादव से सख्ती से पूछताछ की, तो सच्चाई सामने आ गई। दीपाली ने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी विशेष कुमार गौंड के साथ मिलकर अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपाली का विशेष कुमार गौंड के साथ प्रेम संबंध था, जिसे उसके पिता उदयभान यादव पसंद नहीं करते थे। उन्होंने कई बार बेटी को इस रिश्ते से दूर रहने के लिए कहा था, लेकिन दीपाली अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी। पिता के बार-बार विरोध करने से गुस्साई दीपाली ने प्रेमी संग मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।

मिली जानकारी के अनुसार घटना की रात जब उदयभान यादव घर में सो रहे थे, तब दीपाली ने विशेष को घर बुलाया। मौका देखकर दोनों ने मिलकर कुल्हाड़ी से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने हत्या को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की गहन जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट ने उनकी साजिश को बेनकाब कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाई और 12 घंटे के भीतर ही हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने दीपाली यादव और विशेष कुमार गौंड को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सना कपड़ा बरामद किया।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Back to top button