देवरिया पुलिस ने 5 अपराधियों की खोली हिस्ट्रीशीट, अपराध पर कसेगी लगाम
गैंगस्टर, गोवध, गुंडा एक्ट से लेकर आपराधिक षड्यंत्रों तक लिप्त अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर गौरव कुशवाहा

देवरिया। जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के नेतृत्व में देवरिया पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्यवाही करते हुए पांच कुख्यात अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। यह कदम जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश माना जा रहा है।
हिस्ट्रीशीट खोलने की यह कार्रवाई थाना बरहज, बघौचघाट, लार और तरकुलवा क्षेत्रों में की गई है, जहां संबंधित अपराधियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इन अपराधियों में हत्या के प्रयास, अवैध खनन, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आबकारी अधिनियम, गोवध निषेध अधिनियम, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट से लेकर बीएनएस की नई धाराओं तक के मामले दर्ज हैं।
थाना बरहज के परसिया देवार निवासी रामप्रवेश यादव पर 10 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2013 से लेकर 2022 तक उस पर अवैध खनन, शराब तस्करी, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए बरहज पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है।
महुअवा खुर्द के पुरुषोत्तम गिरी और गरीबपट्टी के आदित्य सिंह उर्फ बिट्टू पर भी कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आदित्य सिंह पर 2025 में बीएनएस की धाराओं के तहत दो मुकदमे भी दर्ज हुए हैं, जिनमें 307 (हत्या का प्रयास) और 131 (गंभीर हमले) जैसी धाराएं शामिल हैं। वहीं पुरुषोत्तम गिरी पर भी पांच मामलों का लंबा इतिहास है।
मेहरौना घाट निवासी पवन राजभर पर लार थाने में दर्ज सात मुकदमों में 307 (हत्या का प्रयास), 332, 427, 452, 506 जैसी गंभीर धाराएं हैं। बीएनएस की नई धाराओं में भी पवन का नाम दर्ज हो चुका है, जिससे पुलिस ने उसकी निगरानी और तेज कर दी है।
कंचनपुर निवासी तबरेज शेख पर देवरिया और कुशीनगर जनपद में कुल 5 संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवध निषेध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तबरेज कुशीनगर के तमकुहीराज और कसया थानों में भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही इन अपराधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी। हर थाने को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



