महाशिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीएम और एसपी, सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

गौरव कुशवाहा
देवरिया। जिले के रुद्रपुर स्थित प्रसिद्ध दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, प्रवेश और निकासी मार्ग, पार्किंग, जलभराव, सफाई और अन्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जलभराव की किसी भी समस्या का समाधान समय रहते कर लेने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती होगी, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकी जा सके। भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिर क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान भी लागू किया जाएगा।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादे वस्त्रों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, थाना प्रभारी रुद्रपुर समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।



