देवरिया में स्ट्रॉबेरी फार्मिंग का नया प्रयोग, डीएम ने किया निरीक्षण

गौरव कुशवाहा
देवरिया। कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने मंगलवार को विकासखंड बनकटा के ग्राम पंचायत तड़वा में हो रही स्ट्रॉबेरी की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे जिले के किसानों के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए इस तरह की व्यावसायिक खेती को अपनाने पर जोर दिया।
कृषक लालजी कुशवाहा ने अक्टूबर 2024 में स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की थी, और अब उनकी पहली फसल से लगभग 8 लाख रुपये की आय होने की संभावना है। इस सफलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के अन्य किसानों को भी पारंपरिक खेती के साथ-साथ व्यावसायिक खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह नई फसल किसानों की आमदनी में बड़ा बदलाव ला सकती है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को स्ट्रॉबेरी फार्म का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे इस आधुनिक खेती तकनीक को समझ सकें और अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में कार्य कर सकें। उन्होंने कहा कि स्ट्रॉबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलें किसानों के जीवन स्तर में सुधार ला सकती हैं और बाजार में इनकी भारी मांग होने के कारण अच्छा मुनाफा भी दिला सकती हैं।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ-साथ आधुनिक और व्यावसायिक खेती पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कृषि विविधीकरण, जैविक खेती और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि किसानों को तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे इस प्रकार की उच्च मूल्य वाली फसलें आसानी से अपना सकें।



