देवरिया में सड़कों पर सख्ती: नियम तोड़ने वालों का 11 लाख का ई-चालान

- 90 जगहों पर एक साथ कार्रवाई, 819 वाहनों का चालान
गौरव कुशवाहा
देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में जनपद देवरिया में रविवार को नाकाबंदी चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना रहा। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दीपेन्द्र नाथ चौधरी व दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में समस्त सर्किल के क्षेत्राधिकारीगण एवं सभी थानों के प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों की टीमों ने एक साथ अभियान में भाग लिया।
दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चले इस विशेष अभियान के तहत जिले के 90 स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की गई। कुल 2893 व्यक्तियों की तलाशी ली गई, वहीं 1973 वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 819 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 11 लाख रुपये के ई-चालान काटे गए।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी शिवप्रताप सिंह ने बनकटा थाना क्षेत्र में तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने कोतवाली क्षेत्र में चेकिंग टीमों के साथ मिलकर अभियान को नेतृत्व किया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी, नाबालिग चालक, मॉडिफाइड साइलेंसर, चोरी की गाड़ियों तथा महिलाओं व बालिकाओं के साथ अभद्रता करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई प्राथमिकता में रही।



