देवरिया के चार शातिर अपराधी गुंडा एक्ट में नपे

गौरव कुशवाहा
देवरिया। जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में जनपदीय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को चार शातिर अपराधियों को गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970’ के अंतर्गत पाबंद किया है। यह कार्यवाही थाना रुद्रपुर पुलिस द्वारा की गई, जहां इन अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से यह कदम उठाया गया।
जानकारी के अनुसार चार आरोपियों विजय यादव, सत्यवान यादव उर्फ सोनू, मोनू यादव, और अनिरुद्ध यादव के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। ये सभी रुद्रपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और इन पर गंभीर आपराधिक आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की रिपोर्ट बताती है कि ये आरोपी लगातार मारपीट, बलवा, धमकी, हमला और शांति भंग जैसे अपराधों में लिप्त रहे हैं। इनकी आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र की आम जनता भयभीत थी और समाज में लगातार असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही थी।
इन आरोपियों के विरुद्ध भा.दं.वि. की विभिन्न धाराओं और हाल में लागू भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के अंतर्गत कई मुकदमे पंजीकृत हैं, जो उनके लगातार अपराध में संलिप्त रहने का प्रमाण हैं। इनमें बलवा, गंभीर मारपीट, घर में घुसकर हमला, जान से मारने की धमकी, शस्त्र प्रदर्शन जैसे संगीन आरोप शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी, चाहे उनका सामाजिक रसूख जो भी हो।



