रुद्रपुर में भव्य श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव 5 जून से, शोभायात्रा के साथ होगा शुभारंभ

गौरव कुशवाहा
देवरिया/रुद्रपुर। जनपद के रुद्रपुर कस्बे स्थित लालाटोली वार्ड में इस वर्ष आध्यात्मिक चेतना से ओतप्रोत सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन आयोजन 5 जून से प्रारंभ होकर 11 जून 2025 तक चलेगा, जिसका शुभारंभ 5 जून को प्रातः 10 बजे माता शीतला मंदिर, लालाटोली वार्ड से कथा स्थल तक शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई इन्दु विला (सेवाश्रम नर्सिंग होम के बगल) स्थित कथा स्थल तक पहुंचेगी, जहां प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक श्रीमद्भागवत की रसवर्षा होगी।
भागवत कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध भागवताचार्य डॉ. नित्यानंद जी महाराज द्वारा किया जाएगा, जिनके ओजस्वी प्रवचनों से श्रोतागण जीवन को धर्म, भक्ति और मोक्ष की ओर उन्मुख करने वाली प्रेरणा प्राप्त करेंगे। कथा के दौरान भागवत के सप्तम से बारहवें स्कंधों की प्रमुख लीलाओं का रसपान कराया जाएगा, जिनमें प्रह्लाद चरित्र, हिरण्यकश्यप वध, समुद्र मंथन, वामन अवतार, श्रीराम जन्म एवं विवाह, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, बाल लीलाएं, गोवर्धन लीला, रास पंचाध्यायी, उद्धव उपदेश, द्वारका लीला तथा परीक्षित मोक्ष जैसी दिव्य घटनाएं शामिल हैं।
12 जून को दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। यह भागवत कथा स्मृतिशेष स्वर्गीय प्रमोद चंद्र श्रीवास्तव की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती इन्दु देवी द्वारा आयोजित की जा रही है। आयोजन के निमंत्रक, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रतिभा श्रीवास्तव, सोनू श्रीवास्तव, राजन श्रीवास्तव व समस्त कायस्थ परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे सपरिवार पधारें, कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें और स्वर्गीय प्रमोद चंद्र श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगरवासियों में गहरी उत्सुकता और भक्ति का वातावरण व्याप्त है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा।



