उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

6 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग अगले माह, मुख्यमंत्री ने की घोषणा, कहा- यूपी में इंडस्ट्री फर्स्ट, इन्वेस्टर्स फर्स्ट का मंत्र

  • निवेशक यूपी के किसी भी सेक्टर में विकास यात्रा में दे सकते हैं योगदान

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “इंडस्ट्री फर्स्ट, इन्वेस्टर्स फर्स्ट” के दृष्टिकोण से निवेशकों का पसंदीदा स्थल यूपी बन चुका है। उन्होंने घोषणा की कि अगले महीने 6 लाख करोड़ रुपये के अन्य निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की जाएगी। जबकि पांच लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव अभी पाइपलाइन में और हैं, जिनकी ग्राउंड ब्रेकिंग भी जल्द कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारी उद्योग व इस्पात मंत्री एचडी कुमार स्वामी और अपने मंत्रियों के साथ अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण प्लांट का भ्रमण भी किया। कार्यक्रम में योगी ने पीएम मोदी के विजन-2047 का जिक्र करते हुए कहा कि हर देशवासी ने भारत को विकसित-आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। पिछले 8-9 वर्ष में यूपी में 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। इसमें से 15 लाख करोड़ के प्रस्ताव की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। अगले महीने छह लाख करोड़ के अन्य निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की जाएगी। पांच लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव अभी पाइपलाइन में और हैं, जिनकी यूपी में ग्राउंड ब्रेकिंग कराई जाएगी।

इस अवसर पर अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि एमडी-सीईओ शेनू अग्रवाल ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, विधायक राजेश्वर सिंह, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।

उत्पादन क्षमता बढ़ाना है 5000 यूनिट प्रतिवर्ष

योगी ने कहा कि अशोक लेलैंड की इस इकाई की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता अभी 2500 यूनिट प्रति वर्ष है। इसे चरणबद्ध ढंग से 5000 यूनिट प्रतिवर्ष तक बढ़ाना है। इसमें प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए नौकरी व रोजगार की संभावनाएं भी विकसित हुई हैं।

देश की जीडीपी में 9.5 प्रतिशत का योगदान कर रहा यूपी

सीएम योगी ने कहा कि यूपी देश की जीडीपी में 9.5 प्रतिशत का योगदान कर रहा है। यूपी की जीएसडीपी इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 36 लाख करोड़ की हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने 2027 में भारत की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के रूप में बदलने को कहा है तो हमने भी लक्ष्य तय किया है कि 2029-30 में यूपी वन ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनेगा।

गुंडों की जगह यूपी की पहचान बना उद्योग

अशोक लेलैंड कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण की नई यूनिट के उद्घाटन अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य और गुंडों-अपराधियों के नाम से पहचाना जाता था, आज वहां सीएम योगी की वजह से उद्योग की बड़ी-बड़ी इकाइयां स्थापित हो रही हैं। उन्होंने जिस तरह से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक निवेश के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया है, वह प्रशंसनीय है। यहां न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियां बढ़-चढ़कर निवेश कर रही हैं। डिफेंस निर्माण के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश सेना के लिए गोला-बारूद से लेकर एयरक्राफ्ट और ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण कर रहा है।

Khwaza Express

Khwaza Express Media Group has been known for its unbiased, fearless and responsible Hindi journalism since 2008. The proud journey since 16 years has been full of challenges, success, milestones, and love of readers. Above all, we are honored to be the voice of society from several years. Because of our firm belief in integrity and honesty, along with people oriented journalism, it has been possible to serve news & views almost every day since 2008.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button