देवरिया एसपी के निर्देश पर कुख्यात अपराधी पर लगा गुण्डा एक्ट

देवरिया। पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ अपनी सख्ती जारी रखते हुए सोमवार को कुख्यात अपराधी पवन राजभर के खिलाफ गुण्डा एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराध पर लगाम लगाना और जनपद में भयमुक्त माहौल स्थापित करना है।
मेहरौना, थाना लार निवासी पवन राजभर का आपराधिक इतिहास लंबा और संगीन अपराधों से भरा हुआ है। उस पर हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, धमकी, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 से 2024 के बीच थाना लार में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध गतिविधियों और हिंसक झगड़ों से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम 1970 की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई करने का फैसला लिया।
गुण्डा एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई का सीधा प्रभाव अपराधियों पर पड़ा है। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर ने साफ संदेश दिया कि जनपद में किसी भी अपराधी को छूट नहीं दी जाएगी और कानून को हाथ में लेने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस अपराध मुक्त समाज की स्थापना के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह कार्रवाई सिर्फ एक शुरुआत है।



